Sahebganj News: दुर्गा पूजा में बिजली हादसों से रहें सावधान, JBVNL ने जारी की एडवाइजरी

साहिबगंज: दुर्गा पूजा के दौरान विद्युत हादसों को रोकने और निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने के लिए झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (JBVNL) विद्युत आपूर्ति अंचल, साहिबगंज ने पूजा समितियों और आम लोगों के लिए सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि सभी पूजा पंडालों को वैध कनेक्शन लेना अनिवार्य होगा। बिना वैध कनेक्शन के बिजली उपयोग करने पर कार्रवाई की जाएगी।

बिजली विभाग ने पंडालों की सुरक्षा को लेकर 12 बिंदुओं की गाइडलाइन जारी की है। विभाग ने कहा है कि पंडालों में एलटी आर्मर्ड केबल और मानक एमसीबी या आइसोलेटर का ही प्रयोग किया जाए। सजावट में कटे-फटे, पुराने या कमजोर तारों का इस्तेमाल पूरी तरह वर्जित रहेगा। पंडाल की वायरिंग का काम केवल प्रशिक्षित इलेक्ट्रीशियन से ही कराने का निर्देश दिया गया है। साथ ही पंडाल का निर्माण हाई-वोल्टेज लाइन से सुरक्षित दूरी पर करने को कहा गया है।

विभाग ने यह भी कहा है कि बिजली के तारों और उपकरणों को ज्वलनशील सजावटी सामानों से दूर रखा जाए और उपकरणों के चारों ओर बैरिकेडिंग की जाए ताकि भीड़ उनसे दूर रहे। कंट्रोल रूम और स्विच बोर्ड के पास 24 घंटे प्रशिक्षित व्यक्ति की तैनाती जरूरी है।

विसर्जन जुलूस को लेकर भी विशेष हिदायत दी गई है। जुलूस के दौरान बस या ट्रक की छत पर बैठने से मना किया गया है और मूर्ति की ऊंचाई 4 मीटर (13 फीट) से अधिक नहीं रखने को कहा गया है, ताकि ऊपर से गुजर रहे बिजली तारों से हादसा न हो। सुरक्षा के लिए हर पंडाल में फायर एक्सटिंग्विशर और बालू से भरी बाल्टी रखना अनिवार्य किया गया है।

किसी भी आपात स्थिति में लोगों को बिजली के खंभे, तार को छूने या छेड़ने से मना किया गया है। शिकायत या सहायता के लिए साहिबगंज शिकायत केंद्र के नंबर 9288365434 और राज्य स्तरीय हेल्पलाइन 9031110118, 9031110119, 9031110120 पर संपर्क किया जा सकता है।

लेखक के बारे में

By Anjali Sinha

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention…

Read More