Sahibganj News: रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की बढ़ी परेशानी, पांचवें दिन भी जारी है गंगा से जंग

साहिबगंज में गंगा कटाव से प्रभावित रेलवे ट्रैक
सकरीगली-महाराजपुर के बीच भीषण कटाव से साहिबगंज-बरहरवा रेलखंड प्रभावित, 250-300 मजदूर युद्धस्तर पर जुटे

साहिबगंज: सकरीगली-महाराजपुर के बीच गंगा के भीषण कटाव ने साहिबगंज-बरहरवा रेलखंड के रेल परिचालन को पांचवें दिन भी प्रभावित कर रखा है। रेल परिचालन बाधित रहने के कारण साहिबगंज रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ और अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है। सभी लोकल और एक्सप्रेस ट्रेनों के रद्द रहने से छात्र, नौकरीपेशा, व्यापारी और रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

कई यात्री ट्रेनों के परिचालन की सही जानकारी नहीं मिलने के कारण स्टेशन पहुंच रहे हैं और घंटों इंतजार करने के बाद वापस लौटने को मजबूर हैं। रेलवे परिचालन बाधित होने से क्षेत्र में आवागमन की समस्या और बढ़ गई है।

रेल लाइन से कटाव की दूरी घटकर 10-12 मीटर

जानकारी के अनुसार, गंगा का कटाव लगातार रेल लाइन की ओर बढ़ रहा है। पांच दिन पहले जहां कटाव रेल लाइन से करीब 20 मीटर दूर था, वहीं अब यह दूरी घटकर महज 10 से 12 मीटर रह गई है। स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि किनारे पर खड़ा विशाल पेड़ भी गंगा में समा गया।

रेलवे प्रशासन की ओर से रेल लाइन को बचाने के लिए युद्धस्तर पर प्रयास जारी है। करीब 250 से 300 मजदूर दिन-रात मौके पर काम कर रहे हैं। गंगा के तेज बहाव के बीच लगातार बोल्डर, बोरियां और गिट्टी डालकर कटाव को रोकने और रेल लाइन को सुरक्षित रखने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि, तेज धार के कारण कटाव पर पूरी तरह नियंत्रण नहीं हो पाया है।

यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए रेलवे ने कई ट्रेनों को डायवर्ट किया है, जबकि डाउन लाइन को बंद रखा गया है। गंगा के लगातार बढ़ते कटाव ने एक बार फिर साहिबगंज-बरहरवा रेलखंड के लिए नदी कटाव की गंभीर चुनौती को सामने ला दिया है।

यात्रियों के लिए राहत, तीनपहाड़ से फिर चली बर्द्धमान पैसेंजर

साहिबगंज: महाराजपुर के झुंझरी पुल के समीप पोल संख्या 219/32 के पास गंगा कटाव के कारण पिछले पांच दिनों से बाधित रेल परिचालन के बीच तीनपहाड़ समेत आसपास के यात्रियों के लिए राहत की खबर सामने आई है।

रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को देखते हुए शनिवार से साहिबगंज-बर्द्धमान पैसेंजर (63064) का परिचालन तीनपहाड़ स्टेशन से शुरू कर दिया। ट्रेन शनिवार दोपहर 2:45 बजे तीनपहाड़ से बर्द्धमान के लिए रवाना हुई। ट्रेन के परिचालन से स्टेशन पर मौजूद यात्रियों में राहत देखने को मिली।

इस ट्रेन के चलने से तीनपहाड़, राजमहल, बरहरवा, पाकुड़, नलहाटी और रामपुरहाट की ओर आने-जाने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी। खासकर रोजाना अप-डाउन करने वाले छात्र, व्यापारी और नौकरीपेशा लोगों के लिए फिलहाल यह ट्रेन महत्वपूर्ण साधन बन गई है।

महाराजपुर-सकरीगली के बीच गंगा कटाव के कारण अधिकांश ट्रेनें रद्द हैं और कई ट्रेनों का मार्ग बदला गया है। ऐसे में तीनपहाड़ से ट्रेन सेवा शुरू होने से क्षेत्र के यात्रियों को कुछ राहत मिली है।

रेलवे सूत्रों के अनुसार, यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बर्द्धमान-तीनपहाड़ और रामपुरहाट-तीनपहाड़ के बीच स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय भी लिया गया है, ताकि प्रभावित रेलखंड के कारण यात्रियों का संपर्क पूरी तरह बाधित न हो।

लेखक के बारे में

By Anshika Ambasta

Anshika Ambasta covers local stories, trending topics, and news from the Jharkhand and Bihar desk at Samridh Jharkhand. With a focus on timely updates and impactful storytelling, she brings readers accurate and engaging news coverage. Passionate about journalism, she is…

Read More