साहिबगंज में गंगा कटाव से बची रेलवे डाउन लाइन, 8 दिन में 182 वैगन बोल्डर और 500 मजदूरों ने संभाला मोर्चा

साहिबगंज: साहिबगंज-बरहड़वा रेलखंड पर गंगा के कटाव से पैदा हुआ संकट अब टल गया है। रेलवे ने दिन-रात युद्धस्तर पर काम कर न सिर्फ कटाव को रोका, बल्कि बंद पड़ी डाउन लाइन को फिर से फिट घोषित कर दिया है। मंगलवार को दोपहर 1 बजे इस ट्रैक पर एक स्पेशल ट्रेन चलाकर ट्रायल लिया गया और ट्रैक को पूरी तरह सुरक्षित पाया गया। इसके बाद बुधवार से सभी रद्द और डायवर्ट ट्रेनें अपने नियमित समय और निर्धारित मार्ग पर चलेंगी।
डीआरएम ने किया आधिकारिक ऐलान
मालदा रेल मंडल के डीआरएम ने आधिकारिक घोषणा करते हुए बताया कि सकरीगली और महाराजपुर के बीच गंगा नदी में हुए कटाव के बाद रेलवे ट्रैक को पूरी तरह सुरक्षित और फिट घोषित कर दिया गया है। इससे पूर्व एडीआरएम अमरेंद्र कुमार मौर्य खुद मौके पर पहुंचे और कटावरोधी कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को तेजी से काम पूरा करने के निर्देश दिए थे। रेल प्रशासन के अनुसार, फिलहाल गंगा का जलस्तर 27.72 मीटर पर स्थिर हो गया है, जिससे अब परिचालन में कोई खतरा नहीं है।
8 दिन तक रुकी नहीं सांस
पिछले 8 दिनों से इस रेलखंड पर मालगाड़ियां खड़ी कर गंगा किनारे बोल्डर, स्लीपर और डस्ट डालने का काम चल रहा था। यह सिर्फ मरम्मत नहीं, गंगा से जंग थी। 500 से अधिक मजदूरों ने तीन शिफ्टों में बिना रुके, बिना थके दिन-रात काम किया। रेलवे के चार डिवीजन के कर्मचारियों को विशेष तौर पर यहां तैनात किया गया था। कटाव रोकने के लिए गंगा किनारे 182 वैगन भरकर पत्थर (बोल्डर) और 2,287 स्लीपर डाले गए। रेलवे के अधिकारियों के अनुसार, कटावरोधी कार्य अभी भी धीरे-धीरे जारी रहेगा। पानी घटने के बाद ही सही स्थिति का आकलन हो पाएगा कि कटाव का असल असर कितना है।
पर्व से पहले घर लौटने की उम्मीद, लोगों में खुशी
ट्रेन परिचालन बंद होने से सबसे ज्यादा परेशानी पर्व पर घर लौटने वाले यात्रियों को हो रही थी। पिछले एक सप्ताह में 16 मेल/एक्सप्रेस ट्रेनें और 149 पैसेंजर ट्रेनें रद्द करनी पड़ी थीं, जबकि 60 ट्रेनों का रूट बदल दिया गया था। अब डाउन लाइन बहाल होने से लोगों में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रेनें रद्द होने से मायूसी थी, लेकिन अब उम्मीद है कि वे परिवार के साथ त्योहार मना सकेंगे।
रिपोर्ट: संजना कुमारी


