Sahebganj News: साहिबगंज कॉलेज में क्रीड़ा समिति की बैठक, अंतर महाविद्यालय खेलकूद प्रतियोगिता पर चर्चा

साहिबगंज: साहिबगंज महाविद्यालय में क्रीड़ा समिति की बैठक प्राचार्य कक्ष में आयोजित की गई। अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने की। बैठक में खेल प्रभारी प्रो. प्रदीप हुजूर ने अंतर महाविद्यालय खेलकूद प्रतियोगिता 2026-27 के लिए टीम चयन की योजना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सिद्धो-कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय, दुमका द्वारा आगामी दिनों में अंतर महाविद्यालय प्रतियोगिता का आयोजन किया जाना है, जिसके तहत एथलेटिक्स टीम देवघर कॉलेज जाएगी।
प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने निर्देश दिया कि एथलेटिक्स और फुटबॉल टीम के लिए खिलाड़ियों का चयन केवल खेल प्रतिभा के आधार पर किया जाए। चयन के बाद किसी भी प्रकार का बदलाव नहीं होगा। चयन प्रक्रिया में अनुशासन और खेल भावना का विशेष ध्यान रखा जाए।
फुटबॉल टीम में शामिल होने के इच्छुक छात्र दिनांक 12.10.2026 को सुबह 10:00 बजे खेल सामग्री के साथ महाविद्यालय परिसर में खेल पदाधिकारी और चयन समिति के समक्ष उपस्थित होंगे। खिलाड़ियों को निर्देश दिया गया है कि वे महाविद्यालय का परिचय पत्र, आधार कार्ड, नामांकन चालान तथा 10वीं एवं 12वीं के अंक-पत्र साथ लाएं। बैठक में अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. संजीव कुमार सिंह, मनोविज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. चंद्रशेखर प्रसाद, सहायक प्राध्यापक डॉ. प्रिया सिंह, डॉ. अनु सुमन बाड़ा, डॉ. संतोष कुमार चौधरी और प्रो. सोनू फ्रांसिस मुर्मू उपस्थित थे।


