Sahebganj News: साहिबगंज कॉलेज के 75 वर्ष पूरे होने पर प्लेटिनम जुबली व्याख्यानमाला का दूसरा दिन संपन्न

पूर्व प्राचार्यों को सम्मानित करते प्राचार्य: डॉ. रणजीत कुमार सिंह अतिथियों को अंगवस्त्र व पौधा भेंट करते हुए।

साहिबगंज: साहिबगंज महाविद्यालय के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित प्लेटिनम जुबली समारोह के अंतर्गत दूसरे दिन भी अतिथि व्याख्यानमाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मनोविज्ञान विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ. सुरेश्वर प्रसाद एवं महाविद्यालय की पूर्व प्राचार्य डॉ. मृदुला सिन्हा उपस्थित रहीं।

अपने संबोधन में डॉ. सुरेश्वर प्रसाद ने वर्ष 1964 में महाविद्यालय में अपनी सेवा प्रारंभ करने से लेकर अब तक की विकास यात्रा को संस्मरणों के माध्यम से साझा किया। उन्होंने कहा कि उस दौर में महाविद्यालय के प्राध्यापक छात्रों की छोटी-छोटी जिज्ञासाओं को शांत करने के लिए पूरी निष्ठा और कठिन परिश्रम करते थे। उन्होंने महाविद्यालय के शैक्षणिक एवं संस्थागत विकास के विभिन्न पड़ावों का उल्लेख किया, जिसे सुनकर उपस्थित श्रोतागण भाव-विभोर हो गए।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने दोनों अतिथियों को अंगवस्त्र एवं पौधा भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय की इन अमूल्य धरोहरों से नई पीढ़ी को परिचित कराना गर्व की बात है। उनके बताए मार्ग पर चलकर महाविद्यालय निश्चित ही नए आयाम स्थापित करेगा। उन्होंने छात्र-छात्राओं से पाठ्यक्रम के साथ-साथ पाठ्य-सहगामी गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।

वहीं, पूर्व प्राचार्य डॉ. मृदुला सिन्हा ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों में पढ़ाई के प्रति घटती रुचि पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने छात्रों से अध्ययन के प्रति गंभीर रहने और शिक्षकों से पूरे मनोयोग से पठन-पाठन के दायित्व का निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने वर्तमान प्राचार्य की कार्यशैली पर संतोष व्यक्त करते हुए बेहतर शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने की कामना की। कार्यक्रम का संचालन मनोविज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. चंद्रशेखर प्रसाद ने किया। उन्होंने वर्षभर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी दी तथा अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

लेखक के बारे में

By Anjali Sinha

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention…

Read More