जबरन ठेले पर बैठाकर मंगवाते थे भीख, दिन में सिर्फ एक बार मिलता था खाना

साहिबगंज: बोरियो हाटपाड़ा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। गोड्डा जिले के गुमो सिकटिया निवासी दिव्यांग आदिवासी वृद्ध बाबूलाल सोरेन को बंधक बनाकर भिक्षावृत्ति कराने का मामला उजागर हुआ है।बताया जाता है कि बिहार के पूर्णिया जिले के कुछ खानाबदोश लोगों ने करीब दो महीने पहले बरहरवा से वृद्ध को जबरन उठा लिया था। दोनों पैरों से दिव्यांग होने के कारण उसे चार चक्का ठेला गाड़ी पर बैठाकर पूरे दिन भीख मंगवाई जाती थी। दिनभर में सिर्फ रात में एक बार खाना दिया जाता था और कोई पैसा नहीं दिया जाता था। घर में बेटी, दामाद और वृद्ध मां होने के बावजूद उसे घर जाने नहीं दिया जा रहा था।

रविवार रात वृद्ध ने अपनी आपबीती समाजसेवी फुलकुमारी को सुनाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए समाजसेवी ने तुरंत अस्पताल के गार्ड और स्थानीय ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी और पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रोहित कुमार ने तत्परता दिखाते हुए गश्ती दल को मौके पर भेजा। पुलिस ने वृद्ध से पूछ-ताछ कर उसे खानाबदोशों के चंगुल से मुक्त कराया। सोमवार सुबह समाजसेवी फुलकुमारी, अस्पताल के गार्ड और ग्रामीण सोनू हरिजन के सहयोग से वृद्ध को सोनू-मोनू की गाड़ी से गोड्डा जाने वाली बस में बैठाकर सकुशल घर के लिए रवाना किया गया। थाना प्रभारी की सक्रियता और ग्रामीणों की मानवता की स्थानीय लोगों ने सराहना की है।

लेखक के बारे में

By Anjali Sinha

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention…

Read More