Sahibganj News: महाराजपुर छठ घाट का निर्माण कार्य शुरू, ग्रामीणों में उत्साह

महाराजपुर छठ घाट पर शुरू हुआ मरम्मत एवं निर्माण कार्य।
गंगा के कटाव से क्षतिग्रस्त हुआ था घाट, ग्रामीणों के सहयोग से जेसीबी से शुरू हुई मरम्मत; स्थायी पक्की सीढ़ी निर्माण की मांग

साहिबगंज: गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने से हुए कटाव के कारण महाराजपुर छठ घाट को काफी क्षति पहुंची थी। आगामी छठ महापर्व को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा और आस्था को ध्यान में रखकर मंगलवार से हिंदू धर्म रक्षा मंच के प्रदेश महासचिव बजरंगी महतो के नेतृत्व में स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से छठ घाट की मरम्मत एवं निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। जेसीबी मशीन के माध्यम से घाट को दुरुस्त करने का काम किया जा रहा है।

इस संबंध में हिंदू धर्म रक्षा मंच के प्रदेश महासचिव बजरंगी महतो ने बताया कि हमारा प्रयास है कि छठ महापर्व के दौरान व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े और सभी लोग सुरक्षित एवं सुविधाजनक तरीके से भगवान भास्कर को अर्घ्य दे सकें।

उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की एकजुटता और सहयोग से यह जनहित का कार्य जारी है। घाट को समतल करने, सीढ़ियां बनाने और आवागमन के रास्ते को दुरुस्त करने का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है।

बजरंगी महतो ने जिला प्रशासन से मांग की है कि महाराजपुर घाट पर स्थायी रूप से छठ घाट एवं पक्की सीढ़ियों का निर्माण कराया जाए, ताकि हर वर्ष होने वाली परेशानी से निजात मिल सके और छठ व्रतियों को स्थायी सुविधा उपलब्ध हो सके। ग्रामीणों की इस पहल की चारों ओर सराहना हो रही है।

लेखक के बारे में

By संजय कुमार धीरज

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More