Sahibganj News: बोरियो में दर्दनाक सड़क हादसा, जानवर को बचाने में बाइक सवार की मौत

साहिबगंज। बोरियो-बोआरीजोर मुख्य पथ पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रंगमटिया के पास बाइक फिसलने से 50 वर्षीय दिनेश कुमार साह गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक गोड्डा जिले के मैनाचक गांव के निवासी थे।
जानकारी के अनुसार, दिनेश कुमार साह अपनी बाइक से घर से बोरियो स्थित अपने ससुराल जा रहे थे। रंगमटिया के समीप अचानक सड़क पर एक जानवर आ गया। जानवर को बचाने के चक्कर में बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क पर गिर गई। गिरने से उनके सिर और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलते ही अवर निरीक्षक सिद्धार्थ शंकर टोप्पो के नेतृत्व में बोरियो थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तुरंत बोरियो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां डॉ. पंकज कुमार ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन सिर में गंभीर चोट होने के कारण उन्हें साहिबगंज सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। सदर अस्पताल में भी हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन उन्हें इलाज के लिए मालदा ले जा रहे थे, तभी रास्ते में फरक्का के पास उन्होंने दम तोड़ दिया।
मृतक के साले चंदन कुमार साह ने बताया कि मालदा में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव को उनके पैतृक गांव मैनाचक लाया जाएगा। मृतक के दो बच्चे हैं—18 वर्षीय बेटा और 24 वर्षीय बेटी। घटना के बाद बोरियो स्थित ससुराल में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


