Sahebganj News: बरहरवा के मुगलपाड़ा में पुलिस ने गुप्त मिनी हेरोइन फैक्ट्री का किया पर्दाफाश

बरहरवा: नशे के सौदागरों के खिलाफ साहिबगंज पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। आरक्षी अधीक्षक अमित कुमार सिंह के निर्देश पर गठित स्पेशल टीम ने बरहरवा थाना क्षेत्र के मुगलपाड़ा (महाराजपुर) में चल रही गुप्त मिनी हेरोइन फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। मौके से 5 अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जबकि करोड़ों की ब्राउन शुगर और केमिकल जब्त हुआ है।
बंगाल से आकर बरहरवा में बना रहे थे जहर
गिरफ्तार सभी आरोपी पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के कुख्यात कलियाचक इलाके के रहने वाले हैं। इनके नाम हजीकुल शेख (41), अख्तर आलम (26), शजहान शेख (25), शाहनवाज आलम (19) और अमिरूल शेख (45) हैं। पूछ-ताछ में खुलासा हुआ है कि इस पूरे रैकेट का सरगना इस्माइल शेख है जो अभी फरार है। मकान के अंदर ब्राउन शुगर में केमिकल मिलाकर हाई-क्वालिटी हेरोइन तैयार की जा रही थी। यहीं से पूरे संथाल परगना में सप्लाई की तैयारी थी।
प्रेस वार्ता में एसडीपीओ ने किया खुलासा
पूरे मामले का खुलासा करते हुए बरहरवा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नितिन खंडेलवाल ने प्रेस वार्ता में बताया कि 12 अक्टूबर को आरक्षी अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद तत्काल उनके और राजमहल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विमलेश कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में संयुक्त छापेमारी टीम बनाई गई। पुलिस ने घेराबंदी की तो आरोपी पीछे के दरवाजे से भागने लगे, लेकिन जवानों ने दौड़ाकर सभी को दबोच लिया।
क्या-क्या मिला फैक्ट्री में?
पुलिस ने मौके से 608 ग्राम ब्राउन शुगर/हेरोइन, 15.877 किलो केमिकल, 13 बोतल एसीटल क्लोराइड, 5 लाख 93 हजार 900 रुपये नकद, 3 इलेक्ट्रॉनिक तराजू, पैकेजिंग मशीन, 1.4 किलो पैकेजिंग मटेरियल, जनरेटर, 2 बाइक, 1 हुंडई कार और 2 मोबाइल बरामद किया है। इस संबंध में बरहरवा थाना में कांड संख्या 259/26 के तहत बीएनएस और एनडीपीएस एक्ट की संगीन धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
प्रशासन के इस कार्रवाई की चहुंओर सराहना
इस बड़ी सफलता में राधानगर थाना प्रभारी अमर कुमार मिंज, बरहरवा थाना के पुलिस अवर निरीक्षक सुदामा सिंह, राधानगर थाना के पुलिस अवर निरीक्षक संग्राम सिंह सोय और सशस्त्र बल के जवानों की अहम भूमिका रही। नशे के खिलाफ साहिबगंज पुलिस की इस मुस्तैदी की चारों ओर सराहना हो रही है। अगर समय रहते कार्रवाई नहीं होती, तो युवाओं के बीच यह जहर फैल जाता।


