Ranchi News: किशोरगंज स्थित एल.पी. पब्लिक स्कूल में ‘आस-पड़ोस युवा सांसद’ कार्यक्रम का आयोजन

एल.पी. पब्लिक स्कूल में आयोजित 'आस-पड़ोस युवा सांसद' कार्यक्रम का दृश्य।

रांची: मेरा युवा भारत (माय भारत), युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार, रांची द्वारा नशा मुक्त युवा अभियान के अंतर्गत किशोरगंज स्थित एल.पी. पब्लिक स्कूल में आस-पड़ोस युवा सांसद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व माय भारत की उपनिदेशक श्वेता सिंह ने किया, जबकि संचालन विवेकानंद यूथक्वेक फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. गौरव अग्रवाल ने किया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना था। कार्यक्रम में झारखंड राज्य खुला विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. जितेन्द्र सिंह, वार्ड पार्षद बबली सोनी, मादक पदार्थ कार्यालय से सुशांत कुमार, लालपुर थाना प्रभारी रूपेश कुमार सिंह तथा एल.पी. पब्लिक स्कूल के संस्थापक जितेंद्र सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही।

इस अवसर पर नशामुक्ति विषय पर स्लोगन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें लगभग 80 युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने नशे के दुष्प्रभावों, स्वस्थ जीवनशैली तथा नशामुक्त समाज के संदेश पर आधारित अपने स्लोगन लिखकर स्लोगन बॉक्स में डाले। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।

अतिथियों ने दिया नशामुक्त समाज का संदेश

झारखंड राज्य खुला विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. जितेन्द्र सिंह ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा और सकारात्मक सोच राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी ताकत है। युवाओं को शिक्षा, जागरूकता और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़कर नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखा जा सकता है। वार्ड पार्षद बबली सोनी ने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण में परिवार, समाज और शैक्षणिक संस्थानों की महत्वपूर्ण भूमिका है। युवाओं को इस अभियान का हिस्सा बनकर अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक करना चाहिए।

मादक पदार्थ कार्यालय के सुशांत कुमार ने मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक रहने तथा युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। उन्होंने नशे के विरुद्ध जागरूकता फैलाने में सामूहिक प्रयासों के महत्व पर बल दिया। लालपुर थाना प्रभारी रूपेश कुमार सिंह ने युवाओं से नशे से दूर रहकर अपने भविष्य, स्वास्थ्य और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि जागरूक युवा ही सुरक्षित और स्वस्थ समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।

माय भारत की राज्य निदेशक ललिता कुमारी ने अपने मार्गदर्शन संदेश में कहा कि नशामुक्त भारत के निर्माण में युवाओं की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। माय भारत के माध्यम से युवाओं को जागरूकता, संवाद और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़कर नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी नशामुक्ति के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि स्वस्थ, जागरूक और जिम्मेदार युवा ही विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

माय भारत की उपनिदेशक श्वेता सिंह ने युवाओं से नशामुक्त भारत के संकल्प को अपने जीवन में अपनाने तथा इस संदेश को अपने परिवार, मित्रों और समाज तक पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के संचालक डॉ. गौरव अग्रवाल ने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और सामाजिक जीवन को प्रभावित करता है। युवाओं को किसी भी प्रकार के दबाव या प्रभाव में आकर नशे का सेवन नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए स्वस्थ, जागरूक और नशामुक्त युवा शक्ति का निर्माण आवश्यक है।

एल.पी. पब्लिक स्कूल के संस्थापक जितेंद्र सिंह ने युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने तथा समाज में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अतिथियों, रिसोर्स पर्सन, आयोजकों और युवाओं ने नशामुक्त समाज के निर्माण तथा नशे से दूर रहने की सामूहिक शपथ ली। कार्यक्रम ने युवाओं को सामाजिक जिम्मेदारी निभाने और नशामुक्त भारत के अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।

लेखक के बारे में

By Anjali Sinha

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention…

Read More