खेलगांव में शगुन पाठक और सुनिधि लाइव की धूम, सांस्कृतिक संध्या में झूम उठे दर्शक

सांस्कृतिक संध्या में प्रस्तुति देती सुनिधि लाइव
नागपुरी नृत्य-संगीत, सितार वादन, घोड़ा नृत्य और पैका नृत्य की प्रस्तुतियों ने बिखेरी झारखंड की सांस्कृतिक छटा

रांची: झारखंड राज्य स्थापना दिवस एवं वर्तमान सरकार की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर रांची के खेलगांव में आयोजित तीन दिवसीय समारोह के दूसरे दिन 27 नवंबर को भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। संगीत, लोकनृत्य और पारंपरिक कला की शानदार प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया। इस दौरान कलाकारों ने अपनी प्रतिभा से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।

सांस्कृतिक संध्या का विशेष आकर्षण सुनिधि लाइव की प्रस्तुति रही। वहीं, इंडियन आइडल फेम शगुन पाठक ने अपनी सुरीली आवाज और शानदार गायन से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी प्रस्तुति पर दर्शक झूमते नजर आए।

कार्यक्रम में रांची के देवप्रिय ठाकुर ने सितार वादन की मनमोहक प्रस्तुति दी। वहीं, पारोमिता चौधरी एवं गृहिणी समूह के अद्वितीय बैंड ने समूह गायन के माध्यम से संगीत की खूबसूरत छटा बिखेरी।

झारखंड की लोक संस्कृति को समर्पित प्रस्तुतियों ने भी दर्शकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। किशोर नायक के कुंजबन समूह ने नागपुरी नृत्य एवं गायन की आकर्षक प्रस्तुति दी। वहीं, विनोद महतो एवं उनके दल ने पारंपरिक घोड़ा नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया।

इसके अलावा अशोक कश्यप द्वारा प्रस्तुत पैका नृत्य ने झारखंड की पारंपरिक लोककला, वीरता और सांस्कृतिक गौरव की जीवंत झलक पेश की। लोकनृत्य और पारंपरिक संगीत की इन प्रस्तुतियों ने दर्शकों को राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से रूबरू कराया।

पूरी सांस्कृतिक संध्या आधुनिक संगीत और पारंपरिक लोककलाओं के अनूठे संगम के रूप में यादगार रही। कलाकारों की एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियों ने तीन दिवसीय समारोह के दूसरे दिन को खास बना दिया।

लेखक के बारे में

By Samridh Desk

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More