बिहार के दो शेर फिर पिंजरे में होंगे बंद

अनंत सिंह और आनंद मोहन (फाइल फोटो)

सुनील सिंह

रांची: बिहार की राजनीति के दो चर्चित चेहरे, जिन्हें बाहुबली भी कहा जाता है, मोकामा विधायक अनंत सिंह और पूर्व सांसद आनंद मोहन सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर फिर से जेल जाएंगे। दो शेर पिंजरे में बंद होंगे। संयोग देखिए, दोनों को पिंजरे में भेजने का आदेश सुप्रीम कोर्ट ने ही दिया है।

अनंत सिंह और आनंद मोहन बिहार में दो बड़े नाम और चेहरे हैं। दोनों अपनी जाति ही नहीं, बल्कि दूसरी जातियों में भी लोकप्रिय हैं। दोनों का दबदबा है। इन दोनों की पहचान देश स्तर पर है। आनंद मोहन डीएम जी. कृष्णैया हत्याकांड में आजीवन कारावास की सजा काटकर बिहार सरकार के नियम-कानून के तहत पिछले करीब साढ़े तीन साल से जेल से बाहर हैं। इस दौरान वह सक्रिय राजनीति में हैं।

नीतीश कुमार को बिहार के मुख्यमंत्री पद से हटाने, यूजीसी सहित कई मुद्दों पर सरकार का मुखर होकर विरोध कर रहे थे। बिहार की राजनीति के केंद्र बन गए थे।

आनंद मोहन की रिहाई को सुप्रीम कोर्ट में जी. कृष्णैया की पत्नी द्वारा चुनौती दी गई थी। सुप्रीम कोर्ट ने आनंद मोहन की रिहाई को अवैध बताते हुए एक महीने के अंदर सरेंडर करने का आदेश दिया है।

इस आदेश के बाद बिहार की राजनीति में बड़ी हलचल है। आनंद मोहन इसे अपने खिलाफ एक साजिश मान रहे हैं और कह रहे हैं कि उन्हें फिर से जेल भेजने के पीछे बड़ा राजनीतिक षड्यंत्र है। वह जेल जाने से नहीं डरते हैं। जेल से निकलते समय बिस्तर वहीं छोड़कर आए थे। हमारी आवाज कोई दबा नहीं सकता है। न टूटेंगे, न झुकेंगे।

आनंद मोहन के साथ मोकामा के बाहुबली और चर्चित विधायक अनंत सिंह भी राजनीतिक षड्यंत्र का शिकार हो गए हैं। दुलारचंद यादव हत्याकांड में हाईकोर्ट के आदेश पर वह जेल से बाहर हैं। हाईकोर्ट के आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी गई। सुप्रीम कोर्ट ने अनंत सिंह को भी सरेंडर करने का निर्देश जारी कर रखा है। 4 दिसंबर को अनंत सिंह फिर जेल जाएंगे।

इस तरह बिहार के दो चर्चित शेर सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर फिर से पिंजरे में बंद होने जा रहे हैं। अब दोनों नेताओं की रिहाई कोर्ट के आदेश पर ही होगी। लेकिन दोनों के समर्थकों में निराशा है। समर्थक इसे राजनीतिक षड्यंत्र बता रहे हैं।

लेखक के बारे में

By Sunil Singh

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More