हेमंत सोरेन व उनकी पत्नी पर एफआईआर दर्ज

आदर्श आचार संहिता उल्लंघन मामला
रांची: झारखंड के पूर्व मुख्‍यमंत्री व जेएमएम के कार्यकारी अध्‍यक्ष हेमंत सोरेन सहित उनकी पत्नी के विरुद्ध कांड संख्या 149/19 दिनांक 13 मई 2019 धारा 138 (म) रिप्रेजेंटेशन आफ पीपुल्स एक्ट 1951 एवं 188 आईपीसी के तहत राजधानी के अरगोड़ा थाना में एफआइआर दर्ज कराया गया है। इन दोनों पर आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप है। ज्ञात हो भाजपा ने इस बाबत चुनाव आयोग से शिकायत की थी।
दरअसल 6 मई को जेएमएम का पट्टा गले में डालकर हटिया -64 विधानसभा के मतदान केंद्र संख्या -288 (संत फ्रांसिस स्कूल) में हेमंत सोरेन व उनकी पत्नी वोट देने पहुंचे थे। इस शिकायत को अपनी जांच में कार्यपालक दंडाधिकारी राकेश रंजन उरांव ने सही पाया। इस बाबत भाजपा ने इनदोनों के गले में झामुमो का पट्टा डाल वोट डालने के मामले में आचार संहिता का उल्लंघन बताते हुए चुनाव आयोग में कड़ी आपत्ति दर्ज कराई थी। पार्टी ने इनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की थी। आयोग को दर्ज शिकायत में भाजपा ने कहा कि हेमंत ने मतदाताओं को अपने पक्ष में मतदान करने के लिए प्रत्यक्ष ढंग से प्रभावित किया है। इसी के बाद इनक खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

[URIS id=8357]

बिल्कुल सही कदम: भाजपा
इस बाबत भाजपा ने बिल्कुल सही कार्रवाई बताया है। प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा कि 6 मई को ही हमने चुनाव आयोग से इसकी शिकायत करते हुये कार्रवाई की अपील चुनाव आयोग से की थी। उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन की पत्नी एक गृहणी हैं, इसलिए हो सकता है, कि उन्हें यह जानकारी नहीं रही होगी, लेकिन हेमंत सोरेन पूर्व मुख्यमंत्री रह चुके हैं। ये समझने के बावजूद आचार संहिता का उल्लंघन करना शोभा नहीं देता है। कोडरमा में बीजेपी प्रत्याशी अन्नपूर्णा देवी पर आचार संहिता उल्लंघन का दर्ज किये जाने के मामले पर पूछे गये सवाल के जवाब पर शाहदेव ने कहा कि कानून सभी के लिए एक है।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More