Ranchi News: एसबीयू के कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव में सीएट टायर्स ने 41 विद्यार्थियों का किया चयन

80 से अधिक विद्यार्थियों ने कराया था पंजीकरण, गुजरात के हलोल स्थित इकाई के लिए हुआ चयन
रांची: सरला बिरला विश्वविद्यालय (एसबीयू), रांची के प्लेसमेंट विभाग की ओर से 2027 में उत्तीर्ण होने वाले विद्यार्थियों के लिए प्रतिष्ठित कंपनी सीएट टायर्स के सहयोग से कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया गया। इस भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से कुल 41 विद्यार्थियों का चयन किया गया।
इस कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव में डिप्लोमा इन मैकेनिकल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल एवं इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग के विद्यार्थियों ने भाग लिया। इसके अतिरिक्त, डिप्लोमा इन कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग एवं सिविल इंजीनियरिंग की छात्राओं को भी इसमें भाग लेने का अवसर प्रदान किया गया।
भर्ती अभियान के दौरान 80 से अधिक विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया। चयन प्रक्रिया में प्री-प्लेसमेंट टॉक, एप्टीट्यूड टेस्ट तथा प्रारंभिक रूप से चयनित विद्यार्थियों का व्यक्तिगत साक्षात्कार शामिल था। चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद सीएट टायर्स ने कुल 41 विद्यार्थियों को गुजरात स्थित अपनी हलोल इकाई के लिए चुना।
सरला बिरला विश्वविद्यालय में वर्ष 2026 में उत्तीर्ण होने वाले विद्यार्थियों के लिए आयोजित प्लेसमेंट गतिविधियों में ईवाई, बिड़ला ओपस, टीसीएस, डेलॉइट, आईडीबीआई बैंक, गोदरेज, आईटीसी होटल्स लिमिटेड, सोभा लिमिटेड, जीई एयरोस्पेस, जना स्मॉल फाइनेंस बैंक, बर्जर पेंट्स, डीमार्ट, एक्सिस बैंक, एशियन पेंट्स, अल्ट्राटेक सीमेंट, स्टरलाइट इलेक्ट्रिक, बजाज फाइनेंस, इन्फो एज (नौकरी डॉट कॉम), सीएट टायर्स, केईसी इंटरनेशनल, उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक, इंडस टावर्स, आर. आर. केबल्स लिमिटेड, ए. ओ. स्मिथ, श्री रामकृष्ण एक्सपोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड तथा मेघा इंजीनियरिंग एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड समेत कई प्रतिष्ठित कंपनियां शामिल रहीं।
विश्वविद्यालय के माननीय प्रतिकुलाधिपति बिजय कुमार दलान, माननीय महानिदेशक प्रो. गोपाल पाठक, माननीय कुलपति प्रो. सी. जगन्नाथन एवं माननीय राज्यसभा सांसद सह निदेशक, प्लानिंग एंड डेवलपमेंट डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने विद्यार्थियों के चयन पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।




