प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वर्गीय पिता पर टिप्पणी के विरोध में भाजपा का कांग्रेस मुख्यालय घेराव, सार्वजनिक माफी की मांग

रांची: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा पटना में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वर्गीय पिता पर की गई कथित अभद्र टिप्पणी के विरोध में भाजपा के रांची महानगर, रांची पूर्वी और रांची पश्चिमी जिला के संयुक्त तत्वावधान में प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय का घेराव किया गया। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र राय, दीपक प्रकाश, प्रदेश महामंत्री अमर बाउरी, जिला अध्यक्ष वरुण साहू, विनय महतो, नरेंद्र सिंह, सरोज सिंह, हेमंत दास, शशांक राज, सीमा सिंह, मनोज बाजपेयी, सन्नी टोप्पो, सुबोध सिंह गुड्डू, संदीप वर्मा, मनोज मिश्रा, केके गुप्ता, संजय जायसवाल, रमेश सिंह, जितेंद्र वर्मा, जेलेंद्र कुमार, सीमा शर्मा, मनोज चौधरी, राजू सिंह, संकेत तिवारी, अनीता वर्मा, राकेश शर्मा और रोमित सिंह सहित वरिष्ठ नेता एवं हजारों कार्यकर्ता शामिल हुए।
इससे पूर्व भाजपा के सैकड़ों कार्यकर्ता जिला स्कूल परिसर में एकत्रित हुए और जुलूस के रूप में नारेबाजी करते हुए कांग्रेस मुख्यालय पहुंचे। हाथों में झंडे और कांग्रेस विरोधी संदेशों वाली तख्तियां लिए कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ नारेबाजी की। कांग्रेस कार्यालय के पास प्रशासन की ओर से की गई बैरिकेडिंग के सामने प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं और प्रशासन के बीच हल्की नोकझोंक भी हुई। इस दौरान भाजपा नेताओं ने कांग्रेस अध्यक्ष से सार्वजनिक स्पष्टीकरण और माफी की मांग की।
घेराव के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष की टिप्पणी दुर्भाग्यपूर्ण और राजनीतिक मर्यादा के विरुद्ध है। सरकार की नीतियों की आलोचना करना विपक्ष का अधिकार है, लेकिन किसी के स्वर्गीय परिजन को राजनीतिक बयानबाजी का विषय बनाना उचित नहीं है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश की जनता ने लोकतांत्रिक तरीके से चुना है। कांग्रेस को व्यक्तिगत टिप्पणियों के बजाय विकास, रोजगार, अर्थव्यवस्था, शिक्षा और जनकल्याण जैसे मुद्दों पर अपनी नीति स्पष्ट करनी चाहिए। प्रधानमंत्री के स्वर्गीय पिता पर अभद्र टिप्पणी नीचता की पराकाष्ठा है। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से इस मामले में सार्वजनिक माफी मांगने की मांग की।
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि राजनीतिक असहमति लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन व्यक्तिगत अपमान स्वीकार्य नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का राजनीतिक सफर भारतीय लोकतंत्र में जनता की शक्ति का उदाहरण है। कांग्रेस को जनता के जनादेश का सम्मान करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जनता विकास, सुशासन, रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे मुद्दों पर राजनीतिक दलों से जवाब चाहती है। विपक्ष को केवल विरोध करने के बजाय ठोस विकल्प भी प्रस्तुत करना चाहिए। सार्वजनिक जीवन में भाषा का संयम और राजनीतिक मर्यादा बनाए रखना सभी दलों की जिम्मेदारी है। वैचारिक मतभेद लोकतंत्र के लिए आवश्यक हैं, लेकिन राजनीतिक विरोध को व्यक्तिगत या पारिवारिक अपमान का माध्यम नहीं बनाया जाना चाहिए। प्रधानमंत्री की नीतियों पर बहस और सवालों का स्वागत है, लेकिन स्वर्गीय परिजन पर अभद्र टिप्पणी लोकतांत्रिक संवाद का हिस्सा नहीं हो सकती।
बाबूलाल मरांडी ने कांग्रेस पार्टी को हद में रहने की चेतावनी देते हुए कहा कि कांग्रेस की गतिविधियों को जनता देख रही है और समय आने पर जवाब भी देगी। उन्होंने कहा कि हारी-थकी कांग्रेस अब गाली का सहारा लेने लगी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस देश में अराजकता फैलाना चाहती है, जिसे भाजपा के कार्यकर्ता सफल नहीं होने देंगे।
रांची महानगर, रांची पूर्वी और रांची पश्चिमी जिला के संयुक्त प्रदर्शन में पार्टी पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, विभिन्न मोर्चों के कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने कांग्रेस पार्टी से सार्वजनिक माफी की मांग की।


