Ranchi News: BIT मेसरा में बिजनेस प्लान-2026 का आगाज, स्टार्टअप आइडिया को मिला मंच

रांची। बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (BIT), मेसरा में शनिवार को ‘बिजनेस प्लान-2026’ का आयोजन हुआ। IIC-BIT के फ्लैगशिप वार्षिक कार्यक्रम ‘BIT-NISHAN’ (स्टार्टअप इनोवेशन कॉन्टेस्ट) के प्री-क्वालिफायर इवेंट के रूप में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपने नए बिजनेस आइडिया और नवाचार प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम का आयोजन Institution’s Innovation Council (IIC), BIT Mesra की ओर से ‘मदन मोहन मोहंका सेंटर फॉर इनोवेशन एंड एंटरप्रेन्योरशिप’, फाइनेंस क्लब एवं एंटरप्रेन्योरशिप डेवलपमेंट सेल (EDC) के सहयोग से किया गया। कार्यक्रम सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक निर्धारित था।
इसमें BIT मेसरा के सभी कैंपस के विद्यार्थियों को अपने स्टार्टअप आइडिया, बिजनेस प्लान और इनोवेटिव कॉन्सेप्ट प्रस्तुत करने का अवसर मिला। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में उद्यमिता और नवाचार को बढ़ावा देना तथा उनके विचारों को व्यावहारिक बिजनेस मॉडल में विकसित करने के लिए मंच उपलब्ध कराना है।
आयोजकों के अनुसार, बिजनेस प्लान-2026 में चयनित प्रतिभागियों को आगे BIT-NISHAN स्टार्टअप इनोवेशन कॉन्टेस्ट में अपनी प्रतिभा और विचार प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम की थीम “Opportunities Don’t Happen, You Create Them” रखी गई है। कुल 103 टीमों में से 40 टीमों का चयन किया गया है। इनमें से 20 टीमों को IIC-BIT तथा 20 टीमों को ‘मदन मोहन मोहंका सेंटर फॉर इनोवेशन एंड एंटरप्रेन्योरशिप’ की ओर से शुरुआती स्टार्टअप के लिए आर्थिक सहयोग दिया जाएगा।
‘बिजनेस प्लान-2026’ कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के कुलपति प्रो. इंद्रनील मन्ना ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ. राजू पोद्दार, Dean, DRIE एवं चेयरमैन IIC की अहम भूमिका रही। डॉ. आनंद प्रसाद सिन्हा ने सभी के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।
बिजनेस प्लान के जूरी सदस्यों को संस्थान के बाहर से भी आमंत्रित किया गया था। जूरी सदस्यों में डॉ. प्रियंक सक्सेना, डॉ. चंचल कुमार मिश्रा, डॉ. संदीप सिंह त्रिपाठी, डॉ. सतीश कुमार, डॉ. शैलेन्द्र कुमार सिंह तथा BIT मेसरा के अन्य सदस्य शामिल रहे।


