रांची : दो बच्चों के सामने महिला ने प्रेमी संग मिल कर पति की गला दबाकर कर दी हत्या, ऐसे खुला राज

रांची : रांची के खेलगांव इलाके में एक महिला द्वारा अपने दो बच्चों के सामने ही पति की गला दबाकर हत्या किए जाने के मामले का खुलासा हुआ है। महिला ने इस घटना को अपने प्रेमी के साथ अंजाम दिया और पूरी साजिश खुद रची।

खेलगांव थाना क्षेत्र के पाहनटोली की रहने वाली 30 वर्षीया महिला अंजलि देवी ने गुरुवार की रात अपने पति राजू मिर्धा, उम्र 37 साल के सो जाने के बाद अपने प्रेमी राज मुंडा, उम्र 30 साल को बुलाया और फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। यह घटना रात करीब 12 बजे के आसपास की है।

जब अंजलि प्रेमी के साथ मिल कर पति का गला दबा रही थी, तब राजू जग गया और चिल्लाने लगां। उसकी चिल्लाहट सुन कर दोनों बच्चे जिनकी उम्र 12 व 10 साल है, वे जग गए। अपने पिता का मां द्वारा गला दबाते देख पुत्र व पुत्री चिल्लाने लगे तब मां ने उन्हें धमका कर चुप करा दिया और घटना को अंजाम दे दिया।

मामले का खुलासा शुक्रवार को पड़ोसियों द्वारा इसकी सूचना पुलिस को दिए जाने के बाद हुआ। बताया जाता है कि अंजलि प्रेमी राज मुंडा के साथ शादी कर रहना चाहती थी। अंजलि और राज के रिश्तों की बात राजू मिर्धा को पता चल चुकी थी और वह इसका विरोध कर रहा था।

शुकवार को पुलिस ने मृतक राजू मिर्धा के भाई की शिकायत पर इस मामले में केस दर्ज किया। पूछताछ में बच्चों ने मामले की जानकारी दी। इसके बाद अंजलि को गिरफ्तार कर लिया गया, हालांकि उसने पहले पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। अंजलि की निशानदेही पर लाल खटंगा से उसके प्रेमी राज मुंडा को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

राज मुंडा ने बताया कि हत्या की साजिश अंजली ने ही रची और उसे इसके लिए बुलाया। गुरुवार की रात जब दोनों घटना को अंजाम दे रहे थे तो राजू मिर्धा के चिल्लाने पर पड़ोसी आए थे, लेकिन अंजलि ने यह कह कर दरवाजा नहीं खोला कि यह पारिवारिक विवाद का मामला है। इसके बाद पड़ोसी चले गए।

जब राजू मिर्धा की मौत हो गयी तो पहले उसने प्रेमी को भगा दिया और फिर दरवाजा खोल कर खुद अपने पति की मौत होने की बात कह कर शोक मनाने व रोने का नाटक करने लगी।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More