Palamu News: भूमि विवाद सुलझाने के लिए खनवा में बैठी पंचायत बेनतीजा, जल्द होगी अगली बैठक

भूमि विवाद के समाधान हेतु जुटे ग्रामीणों व अधिवक्ताओं का समूह।

पलामू: सदर थाना क्षेत्र के ग्राम खनवा में रविवार को एक बहुचर्चित भूमि विवाद के निपटारे को लेकर ग्रामीणों, अधिवक्ताओं और दोनों पक्षों के गणमान्य लोगों की उपस्थिति में एक महत्वपूर्ण पंचायत बैठक आयोजित की गई। हालांकि, घंटों चली लंबी चर्चा और गहन मध्यस्थता के बाद भी बैठक में किसी अंतिम निर्णय पर सहमति नहीं बन सकी।

मामला 30 लाख रुपये के पैतृक जमीन और अर्धनिर्मित मकान के सौदे से जुड़ा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गत 21 अप्रैल 2026 को प्रथम पक्ष अनारवा देवी व जितन महतो और द्वितीय पक्ष नरेन्द्र कुमार मेहता के बीच एग्रीमेंट हुआ था, जिसके एवज में 20 लाख रुपये अग्रिम (एडवांस) दिए गए थे। इकरारनामे की शर्त के अनुसार दो माह के भीतर रजिस्ट्री पूरी की जानी थी। तय समयावधि बीत जाने के बाद भी रजिस्ट्री न होने पर यह विवाद पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय और न्यायालय तक पहुंच गया।

रविवार को आयोजित बैठक के दौरान जीतन मेहता ने अपना पक्ष रखते हुए आरोप लगाया कि उनकी जमीन बेचने की मंशा नहीं थी और धोखे से कागजातों पर हस्ताक्षर करवा लिए गए थे। उन्होंने एग्रीमेंट की दो महीने की समय-सीमा समाप्त होने का भी तर्क दिया।

पंचों और दोनों पक्षों के अधिवक्ताओं के काफी प्रयास के बावजूद कोई सर्वमान्य समाधान नहीं निकल सका। अंततः सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि मामले के शांतिपूर्ण समाधान के लिए जल्द ही एक और बैठक बुलाई जाएगी।

बैठक में प्रथम पक्ष से एडवोकेट लक्ष्मण सिंह, नरेन्द्र मेहता, अरविन्द महतो, सहदेव महतो, रामाशीष महतो तथा द्वितीय पक्ष की ओर से एडवोकेट बिरेन्द्र प्रसाद, जीतन मेहता, विजय मेहता, दिनेश्वर मेहता, अजय मेहता समेत दर्जनों स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।

लेखक के बारे में

By Ajeet Kumar Pathak

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More