Palamu News: एसपी कपिल चौधरी के निर्देश पर पूरे जिले में चलाया गया विशेष एंटी-क्राइम चेकिंग अभियान

पलामू जिले के संवेदनशील इलाकों में मुस्तैद पलामू पुलिस के जवान।

पलामू: पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी के निर्देशानुसार सोमवार की रात जिले के सभी अनुमंडलों में अपराध नियंत्रण, आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने एवं सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एंटी-क्राइम चेकिंग अभियान चलाया गया। इसी क्रम में हरिहरगंज टोल प्लाजा पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी छतरपुर प्रशांत कुमार के नेतृत्व में सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच के साथ वाहनों के कागजात एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों की भी जांच की गई।

पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान कुल 173 वाहनों की जांच की गई, इनमें बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 48 मोटरसाइकिल चालकों एवं वाहन मालिकों को रोका गया। संबंधित वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों की जानकारी देते हुए भविष्य में नियमों का उल्लंघन नहीं करने की चेतावनी दी गई।

वहीं, तीन संदिग्ध वाहनों को सत्यापन के लिए संबंधित थाना लाया गया, जहां उनके संबंध में आवश्यक जांच एवं सत्यापन की कार्रवाई की जा रही है। चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस टीम ने संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों पर विशेष निगरानी रखी। इसके अलावा अवैध हथियार, मादक पदार्थ एवं अवैध शराब की तस्करी पर रोक लगाने के उद्देश्य से भी सघन जांच की गई।

सड़क सुरक्षा को लेकर किया जागरूक

अभियान के दौरान वाहन चालकों को हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने के लिए जागरूक किया गया। पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करते हुए स्वयं के साथ-साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा का भी ध्यान रखने की अपील की।

पलामू पुलिस ने बताया कि अपराध नियंत्रण एवं सड़क सुरक्षा को लेकर जिले में इस प्रकार के एंटी-क्राइम चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। अभियान के दौरान इंस्पेक्टर द्वारिका राम, थाना प्रभारी हरिहरगंज, थाना प्रभारी नौडीहा बाजार, थाना प्रभारी पिपरा सहित संबंधित पुलिस बल के जवान मौजूद रहे। पुलिस ने आम नागरिकों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण एवं सड़क सुरक्षा में सहयोग करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।

लेखक के बारे में

By Ajeet Kumar Pathak

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More