Palamu News: पांकी में डीडीयू-जीकेवाई रोजगार मेला, 1200 से अधिक युवाओं ने कराया निबंधन

10 से अधिक कंपनियों ने लगाए स्टॉल, चयनित युवाओं को सांसद और उपायुक्त ने सौंपे नियुक्ति पत्र
पलामू: दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना (DDU-GKY) के तहत सोमवार को पांकी प्रखंड कार्यालय परिसर में प्रखंड स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया। रोजगार मेले का शुभारंभ चतरा सांसद काली चरण सिंह, उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत और पांकी प्रखंड प्रमुख ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
रोजगार मेले में विभिन्न क्षेत्रों की 10 से अधिक कंपनियों ने अपने स्टॉल लगाए। यहां युवाओं को उपलब्ध रोजगार के अवसर, विभिन्न पदों, योग्यता और चयन प्रक्रिया से संबंधित जानकारी दी गई। रोजगार प्राप्त करने की इच्छा से 1200 से अधिक युवाओं ने निबंधन कराया। प्रेस विज्ञप्ति जारी किए जाने तक अभ्यर्थियों की स्क्रूटनी और चयन प्रक्रिया जारी थी।
कार्यक्रम के दौरान चतरा सांसद काली चरण सिंह और उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने चयनित 10 से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। नियुक्ति पत्र मिलने के बाद युवाओं में उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर सांसद काली चरण सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं के लिए रोजगार के अवसर प्राप्त करना बड़ी चुनौती है। ऐसे में रोजगार मेले युवाओं और नियोक्ता कंपनियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं में हुनर और कार्य करने की इच्छाशक्ति हो तो रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त किए जा सकते हैं। उन्होंने युवाओं से कौशल विकास से जुड़ने और उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने की अपील की।
रोजगार से जोड़ना प्रशासन की प्राथमिकता
उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने कहा कि जिले के युवाओं को रोजगार से जोड़ना प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि केवल शैक्षणिक योग्यता ही नहीं, बल्कि वर्तमान रोजगार बाजार की जरूरत के अनुरूप कौशल विकसित करना भी जरूरी है।
उन्होंने कहा कि DDU-GKY जैसे कार्यक्रम ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को प्रशिक्षण, रोजगार और बेहतर भविष्य की दिशा में आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उपायुक्त ने युवाओं से ऐसे रोजगार मेलों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और अपनी रुचि व योग्यता के अनुरूप उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने की अपील की।
29 सितंबर तक आयोजित होंगे प्रखंड स्तरीय रोजगार मेले
ज्ञातव्य है कि पलामू जिले में 24 से 29 सितंबर 2026 तक दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना (DDU-GKY) के तहत प्रखंड स्तरीय रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है।
कार्यक्रम में जेएसएलपीएस डीपीएम केरकेट्टा, विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधि, संबंधित विभागों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में युवा अभ्यर्थी मौजूद रहे।


