Palamu News: स्वच्छता माह पर 5 विद्यालयों में जागरूकता अभियान, 854 विद्यार्थी व ग्रामीण हुए शामिल

श्रमदान से दिया स्वच्छता का संदेश, बच्चों को सिखाए गए हाथ धोने के 7 चरण
पलामू: गढ़वा में स्वच्छता माह अभियान के तहत जिले के रंका एवं गढ़वा प्रखंड स्थित पांच उत्क्रमित मध्य विद्यालयों में स्वच्छता, व्यक्तिगत हाइजीन और हैंडवॉशिंग को लेकर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। Larsen & Toubro (L&T) के सहयोग से संचालित “नयी दिशा–Village Development Program” के तहत बदलाव फाउंडेशन द्वारा संबंधित विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों के मार्गदर्शन में यह अभियान आयोजित किया गया।
अभियान में तिलदाग पंचायत के गिजना व खोनहर, सोंदाग पंचायत के सोंदाग गौराटीकर व भलुआनी तथा खरडीहा पंचायत के सेरासम स्थित विद्यालय शामिल रहे। कार्यक्रम में कुल 854 विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
श्रमदान कर दिया स्वच्छता का संदेश
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों, ग्रामीणों और संस्था के सदस्यों ने मिलकर विद्यालय परिसर तथा आसपास के क्षेत्रों में व्यापक सफाई अभियान चलाया। श्रमदान के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि स्वच्छता केवल एक दिन की गतिविधि नहीं, बल्कि दैनिक जीवन की आदत होनी चाहिए।
इस दौरान उपस्थित लोगों ने अपने घर, स्कूल और आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने की शपथ भी ली।
बच्चों को सिखाए गए हाथ धोने के 7 चरण
संक्रमण से बचाव के लिए बच्चों के बीच हैंडवॉशिंग डेमो आयोजित किया गया। टीम के सदस्यों ने बच्चों को बताया कि कीटाणु किस प्रकार फैलते हैं और उनसे बचाव के लिए नियमित रूप से हाथ धोना क्यों जरूरी है।
इसके बाद विद्यार्थियों को हाथ धोने के सही 7 चरण बताए गए और उनसे इसका अभ्यास भी कराया गया।
गांवों में निकाली गई जागरूकता रैलियां
स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से विद्यार्थियों ने पोस्टर और पर्चों के साथ विभिन्न गांवों में जागरूकता रैलियां निकालीं।
- गिजना: विद्यार्थियों ने तिलदाग गांव तक रैली निकाली।
- खोनहर व सेरासम: विद्यालय से गांव के मुख्य हिस्सों तक रैली आयोजित की गई।
- सोंदाग गौराटीकर: आंगनवाड़ी केंद्र तक जागरूकता रैली निकाली गई।
- भलुआनी: स्कूल से गांव तक रैली निकालकर ग्रामीणों को जागरूक किया गया।
रैलियों के माध्यम से कचरा प्रबंधन, व्यक्तिगत स्वच्छता और बीमारियों से बचाव के उपायों के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।


