पलामू: करमा विसर्जन के दौरान पानी में डूबने से 15 वर्षीय किशोरी की मौत, इलाके में शोक

पलामू: जिले के पाटन थाना क्षेत्र के बाड़ी झरिया गांव में बुधवार सुबह करमा विसर्जन के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। करम डाल विसर्जन के दौरान पानी में डूबने से 15 वर्षीय किशोरी सिंपी कुमारी की मौत हो गई। मृतका की पहचान हिसरा बरवाडीह निवासी दीपू राम की पुत्री के रूप में हुई है।
बताया गया कि सिंपी कुमारी गांव के अन्य लोगों के साथ करमा पर्व के अवसर पर करम डाल विसर्जन के लिए गई थी। इसी दौरान करम डाल बहाने के क्रम में वह पानी में डूब गई। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों में मातम पसर गया। किशोरी के शव को मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई।
गौरतलब है कि पलामू में लगातार दो डूबने की घटनाओं से लोगों में शोक का माहौल है। इससे पहले चैनपुर थाना क्षेत्र के बोकेया गांव से सटे दुलही गांव में कोयल नदी में डूबने से पांच युवकों की मौत हो गई थी। लगातार हुई इन घटनाओं के बाद चैनपुर और पाटन प्रखंड क्षेत्र में शोक की लहर है।


