डॉक्टर के पास जाने निकले थे झामुमो नेता, 8 दिन बाद धान खेत में मिली लाश

पाकुड़: बीते 30 सितंबर 2026 से गायब झामुमो नेता दिनेश मुर्मू की लाश पुलिस ने आज बरामद कर ली है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनेश मुर्मू की लाश लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र के सूरजबेड़ा गांव के धान खेत से बरामद हुई है। परिजनों के अनुसार, बीते 30 सितंबर को 50 वर्षीय दिनेश मुर्मू डॉक्टर के पास इलाज के लिए जाने और दवा लाने की बात कहकर घर से निकला था।

लेकिन देर रात तक वापस नहीं आने पर परिजनों ने दूसरे दिन लिट्टीपाड़ा थाना में गुमशुदगी की लिखित शिकायत की थी। पुलिस लगातार खोजबीन कर रही थी और हर संभावित ठिकानों पर पता लगाने की कोशिश कर रही थी, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

गुरुवार की दोपहर पुलिस को मिली सूचना के बाद पुलिस ने दिनेश मुर्मू की लाश को सूरजबेड़ा के धान खेत से बरामद किया। दिनेश मुर्मू की लाश बरामदगी के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बहरहाल, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सोनाजोड़ी अस्पताल भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। बहरहाल, मामला हत्या है या दुर्घटना, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पता चलेगा।




