हिजला मेला स्थल के विकास कार्याें को लेकर ग्रामीणों व अखड़ा प्रतिनिधियों की अधिकारियों के साथ बैठक में चर्चा

अधिकारियों ने ग्रामीणों से उनकी राय ली, जिसके आधार पर आगे की योजना तय होगी
हिजला मेला स्थल के परिसर में कई विकास योजनाओं पर होना है काम
दुमका : दुमका में शुक्रवार को हिजला मेला स्थल को लेकर अधिकारियों व ग्रामीणों के बीच एक अहम बैठक हुई। बैठक में मुख्य रूप से हिजला मेले के आयोजन स्थल के विकास से संबंधित चर्चा की गयी। इस बैठक में आइटीडीए निदेशक राजेश राय ने बताया कि वर्षों से हिजला मेला का आयोजन होता आया है। राज्य सरकार ने कल्याण विभाग के निधि से सौंदर्यीकरण जन सुविधाओं को बढ़ाने हेतु 6 करोड़ 93 लाख रुपए दिये हैं।इस राशि से हिजला मेला स्थल पर कई निर्माण कार्य किया जाना है। ऑडिटोरियम का निर्माण भी हिजला मेला परिसर में किया जाना है।
उन्होंने कहा कि इस संबंध में राज्य सरकार के निर्देश पर जिला प्रशासन ने ग्राम प्रधान तथा स्थानीय लोगों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि इस बैठक का मुख्य उद्देश्य हिजला मेला परिसर में किए जा रहे कार्यों के बारे में जानकारी देना था तथा इस पर स्थानीय लोगों की राय लेना एवं उनके विचार प्राप्त करना था। सभी ने राज्य सरकार के द्वारा निर्धारित कार्य योजना पर अपनी सहमति प्रदान की है। साथ ही मरांग बुरु थान के निर्माण को कार्य योजना में जोड़ने का आग्रह किया है। इस संबंध में राज्य सरकार को सूचित कर संबंधित कार्यपालक अभियंता को भी आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
इस बैठक में शामिल होने हिजला के ग्रामीण और दिसोम मारंग बुरु संताली अरिचलि आर लेगचर अखड़ा के सदस्य गए थे।


