Lohardaga News: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पैतृक गांव नेमरा पहुंचा दफादार-चौकीदार पंचायत का प्रतिनिधिमंडल

लोहरदगा: झारखंड राज्य दफादार-चौकीदार पंचायत के राज्य अध्यक्ष कृष्ण दयाल सिंह के नेतृत्व में बुधवार को चौकीदारों का प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पैतृक गांव नेमरा पहुंचा। यहां प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर उनकी माता के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने शोक कार्यक्रम में शामिल होकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा मुख्यमंत्री और उनके परिजनों को इस कठिन समय में दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि माता का निधन किसी भी परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। दुख की इस घड़ी में झारखंड राज्य दफादार-चौकीदार पंचायत मुख्यमंत्री और उनके परिवार के साथ खड़ी है। सदस्यों ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रतिनिधिमंडल से बातचीत की और आश्वस्त किया कि आने वाले दिनों में झारखंड राज्य दफादार-चौकीदार पंचायत के प्रतिनिधियों से मुलाकात की जाएगी। प्रतिनिधिमंडल में लोहरदगा जिला अध्यक्ष शमसूल अंसारी, सचिव मिथिलेश यादव, कोषाध्यक्ष राजू कुमार राम, रोजाउद्दीन अंसारी, राजकुमार सहित अन्य सदस्य शामिल थे।


