भौंरो नदी से पवित्र जल लेकर पहुंचीं महिलाएं, वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलश स्थापना के साथ शुरू हुई शारदीय नवरात्र की पूजा

लोहरदगा: वैदिक मंत्रोच्चार, शंखनाद और माता रानी के जयकारों के बीच रविवार को भंडरा प्रखंड में शारदीय नवरात्र का शुभारंभ हर्षोल्लास के साथ हुआ। प्रखंड के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों में विधि-विधान से कलश स्थापना के साथ नौ दिवसीय शक्ति उपासना शुरू हुई। सुबह से ही पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल रहा। भंडरा, चट्टी, मसमानो, भौंरो और बेदाल सहित विभिन्न स्थानों पर आकर्षक कलश शोभायात्राएं निकाली गईं, जिनमें सैकड़ों महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में हिस्सा लिया।
भौंरो नदी से पवित्र जल लेकर निकलीं 501 महिलाएं
नवरात्र के पहले दिन भंडरा गांव में विशेष उत्साह देखने को मिला। यहां सिद्धिदायिनी दुर्गा मंदिर निर्माण पूजा समिति और नव युवक संघ दुर्गा पूजा समिति, भंडरा के संयुक्त तत्वावधान में 501 महिलाओं ने भव्य कलश यात्रा निकाली। महिलाएं सिर पर कलश धारण कर भौंरो नदी पहुंचीं। वहां विधि-विधान से पूजा-अर्चना करने के बाद कलश में पवित्र जल भरा और माता रानी के जयकारे लगाते हुए पूजा स्थल पर लौटीं।
पूजा स्थल पर आचार्य आनंद दुबे और पंडित कमलेश शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कलश स्थापना कर नौ दिवसीय शारदीय नवरात्र पूजा का शुभारंभ कराया। इस दौरान पूरा क्षेत्र ‘जय माता दी’ और ‘दुर्गा मैया की जय’ के जयकारों से गूंज उठा।
पूजा पंडालों में दुर्गा सप्तशती पाठ शुरू
कलश स्थापना के साथ ही प्रखंड के विभिन्न पूजा पंडालों में दुर्गा सप्तशती पाठ और देवी आराधना शुरू हो गई। पूजा समितियों की ओर से श्रद्धालुओं के बीच चना, गुड़, सेब और केले का प्रसाद वितरित किया गया। नवरात्र के आगमन के साथ ही बाजारों में भी रौनक बढ़ गई है और क्षेत्र में उत्सव का माहौल बन गया है।
श्रद्धालुओं और समिति सदस्यों की रही भागीदारी
इस अवसर पर भंडरा थाना प्रभारी मनोज गुप्ता, ईश्वरी मोहन शर्मा, रविकांत गुप्ता, जुगल भगत, भीमनाथ शाहदेव, आनंद साहू, सुरेश साहू, धनेश्वर साहू, अनिल साहू, उत्तम गुप्ता, प्रकाश प्रजापति, प्रदीप गुप्ता, बैजू साहू, अमित कुंदन, श्रीकांत गुप्ता और आकाश यादव सहित सैकड़ों श्रद्धालु एवं पूजा समिति के सदस्य उपस्थित रहे।


