गुमला में बंद असरदार, लोहरदगा में संभल रही है स्थिति, लगाए गए हैं इतने अफसर

 

गुमला: लोहरदगा जिले में हुए पथराव व हिंसा के विरोध में हिंदू संगठनों द्वारा बुलाया गया गुमला बंद आज असरदार रहा. इस दौरान पूरे गुमला में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहे. कोई बड़ी अप्रिय घटना कहीं नहीं घट पायी. सुबह में एक एंबुलेंस व एक ट्रक का शीशा तोड़े जाने का मामला सामने आया था, जिसके बाद सुरक्षा बल ने फ्लैग मार्च किया.

सुरक्षा के मद्देनजर शहर में धारा 144 लागू किया गया है और लाउड स्पीकर पर प्रचार कर लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गयी. डीआइजी एबी होमकर, एसपी अंजनी कुमार झा, एएसपी बीके मिश्रा, एसडीओ जीतेंद्र कुमार देव सहित जिले के सभी वरीय अधिकारी शहर की गश्त करते रहे.

डीआइजी ने कहा है कि बंद शांतिपूर्ण है. कहीं से किसी प्रकार के अप्रिय घटना की सूचना नहीं है. पुलिस बल तैनात है और एसपी को आवश्यक निर्देश दिए गए है.

बंद के कारण शहर में सन्नाटा पसरा रहा. बस स्टैंड सूने रहे. जिले के घाघरा, बिशुनपुर, चैनपुर, डुमरी, जारी, रायडीह, पालकोट, कामडारा, बसिया, सिसई व भरनो प्रखंड में भी बंद प्रभावी रहा.

लोहरदगा में कैसा है हालात

गुमला बंद दो दिन पहले लोहरदगा में नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में निकाले गए बंद पर हुए हमले के विरोध में बुलाया गया था. लोहरदगा में आज भी धारा 144 लागू है. प्रशासन ने मोबाइल नंबर 9471163670 जारी कर कहा है कि अगर कहीं कोई व्यक्ति फंसे हों और उन्हें रेस्क्यू की जरूरत हो तो इस नंबर पर संपर्क कर सकते हैं. प्रशासन मदद करेगा.

न्यूज एजेंसी एएनआइ ने खबर दी है कि जिले में स्थिति ठीक है. जोनल आइजी, आइजी आॅपरेशन, डीआइजी रांची, पांच एसपी रैंक के अधिकारी लोहरदगा में तैनात हैं. वे हालात पर नजर रखे हुए हैं. जिले में 15 कंपनी अतिरिक्त बल तैनात किया गया है. 100 सब इंसपेक्टर, 15 डीएसपी की भी तैनाती की गयी है.

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More