Koderma News: तेज हवा से खुट्टा बागी मुख्य मार्ग पर टूटा बिजली का तार, बना बड़ा खतरा

कोडरमा: प्रखंड की खुट्टा पंचायत अंतर्गत ग्राम खुट्टा बागी में बीती रात्रि करीब 9 बजे तेज हवा के कारण मुख्य मार्ग पर बिजली के खंभे से तार टूटकर गिर गया। इस वजह से स्थानीय लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, घटना के कई घंटे बीत जाने के बाद भी तार को हटाने या सुरक्षित करने के लिए विद्युत विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुँची। ग्रामीणों का आरोप है कि इस संबंध में विभाग के अधिकारियों को फोन करने पर भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलती है। अन्य माध्यमों से भी कर्मचारियों से आग्रह किया गया, लेकिन गिरे हुए तार को हटाने का कोई इंतजाम नहीं किया गया।
स्थानीय निवासियों ने चिंता जताते हुए कहा कि यह लापरवाही किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। लोगों ने माँग की है कि इस क्षेत्र में सुरक्षात्मक कदम उठाए जाएँ ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके। इस मामले में स्थानीय रामबचन यादव, विपुल मोदी, मनोज यादव, प्रमोद यादव, केदार यादव, संदीप कुमार, सनोज कुमार, पंकज अग्रवाल, सचिन राणा, गुड्डू यादव समेत अन्य लोगों ने त्वरित कार्रवाई करने की अपील की है।


