Ranchi News: एस्कॉट इंटरनेशनल स्कूल में इंटर-हाउस क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य समापन, बालक-बालिका वर्ग में इन हाउस ने मारी बाजी

सीनियर और जूनियर वर्ग में खिलाड़ियों ने दिखाया दम, निदेशक कुणाल कश्यप और प्राचार्य शादान आलम ने बढ़ाया उत्साह
रांची: एस्कॉट इंटरनेशनल स्कूल, भारत माता चौक, हरमू रोड, रांची में आयोजित दो दिवसीय इंटर-हाउस क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला शनिवार को उत्साह, रोमांच और खेल भावना के साथ संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में दामोदर हाउस, कोयल हाउस, शंख हाउस और स्वर्णरेखा हाउस के विद्यार्थियों ने बालक एवं बालिका वर्ग में हिस्सा लिया।
बालिका वर्ग के सीनियर मुकाबले में स्वर्णरेखा हाउस ने जीत हासिल की, जबकि जूनियर वर्ग में कोयल हाउस विजेता बना। बालिका वर्ग में दामोदर हाउस और स्वर्णरेखा हाउस उपविजेता रहे। वहीं, बालक वर्ग के सीनियर और जूनियर, दोनों वर्गों में शंख हाउस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया।
पूरे टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों ने अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और खेल के प्रति समर्पण का परिचय दिया। विद्यार्थियों के बीच खेल भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विद्यालय के शिक्षकों और शिक्षिकाओं के बीच भी क्रिकेट मैच आयोजित किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक कुणाल कश्यप ने विजेता टीमों को बधाई देते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों से बच्चों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और टीम के साथ मिलकर काम करने की भावना विकसित होती है। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि जीत और हार खेल का हिस्सा हैं, लेकिन सच्चा खिलाड़ी वही है जो खेल भावना के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करता है।
विद्यालय के प्राचार्य शादान आलम ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों की प्रतिभा निखारने और उनमें स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने का बेहतर माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ खेल भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक हैं। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं और अन्य प्रतिभागियों को निरंतर अभ्यास एवं मेहनत के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
टूर्नामेंट के दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन और खेल कौशल से दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाना, शारीरिक फिटनेस को प्रोत्साहित करना और उनमें सहयोग, नेतृत्व तथा अनुशासन की भावना विकसित करना था।
विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों ने प्रतियोगिता को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी खिलाड़ियों एवं सहयोगियों की सराहना की। कार्यक्रम का समापन विजेता टीमों को बधाई देने और सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ हुआ।


