Koderma News: द रामेश्वर वैली स्कूल के नन्हे कलाकारों ने कला प्रतियोगिता में दिखाई अपनी प्रतिभा

कोडरमा: प्राइवेट स्कूल्स एंड चिल्ड्रेन वेलफेयर एसोसिएशन (पासवा), कोडरमा के तत्वावधान में आयोजित ‘रंग भरो प्रतियोगिता’ में द रामेश्वर वैली स्कूल, झुमरीतिलैया के नन्हे कलाकारों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में विद्यालय के नर्सरी से लेकर कक्षा आठवीं तक के छात्र-छात्राओं ने अपनी कल्पना और रंगों के सुंदर चयन से आकर्षक कलाकारी तैयार की। विद्यालय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करने के लिए स्कूल परिसर में एक प्रोत्साहन समारोह आयोजित किया गया। इसमें प्रत्येक वर्ग से प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विजेता छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहन पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सबका उत्साहवर्धन किया गया।
विद्यालय स्तर की प्रतियोगिता में विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। नर्सरी में आदित्य ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। केजी-1 एवं केजी-2 में अनन्या श्री और शिवांश ने अपनी प्रतिभा दिखाई। कक्षा एक, दो एवं तीन में दिव्यांशी प्रिया, पीयूष कुमार और सृष्टि बरगवे ने सुंदर कलाकृतियां प्रस्तुत कीं। वहीं, कक्षा चार से आठ तक सृष्टि कुमारी, अनन्या आनंद, आयुष राज, आरिफा परवीन और सुहानी साव ने अपनी कला से सभी का ध्यान आकर्षित किया।
विद्यालय की प्राचार्या रश्मि बर्णवाल ने सभी प्रतिभागियों एवं विजेता बच्चों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं बच्चों के मानसिक एवं बौद्धिक विकास में सहायक होती हैं। इनके माध्यम से बच्चों की कल्पना, रचनात्मकता और आत्मविश्वास को बढ़ावा मिलता है। निदेशक प्रवीण मोदी ने कहा कि प्राइवेट स्कूल्स एंड चिल्ड्रेन वेलफेयर एसोसिएशन बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी ऐसे आयोजन कर बच्चों की प्रतिभा को निखारने में अग्रणी भूमिका निभाती रहेगी।
विद्यालय की ओर से सभी सफल प्रतिभागियों को जानकारी देते हुए आगामी द्वितीय चरण की प्रखंड स्तरीय प्रतियोगिता की तैयारी में जुटने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही, अंतिम चरण की जिला स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपने परिवार और विद्यालय का नाम रोशन करने का आह्वान किया गया।


