Koderma News: जिला यक्ष्मा व एड्स नियंत्रण पदाधिकारी डॉ. रमण कुमार ने ली मासिक समीक्षा बैठक

कोडरमा: जिला यक्ष्मा पदाधिकारी सह जिला एड्स नियंत्रण पदाधिकारी डॉ. रमण कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को एआरटी कोडरमा, आईसीटीसी एवं एड्स से संबंधित एनजीओ के कर्मियों की मासिक समन्वय बैठक हुई। बैठक में पिछले माह दिए गए निर्देशों की समीक्षा करते हुए एचआईवी जांच, उपचार और जागरूकता अभियान को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।
डॉ. रमण कुमार ने कहा कि एचआईवी संक्रमित 95 प्रतिशत लोगों को अपनी एचआईवी स्थिति की जानकारी होनी चाहिए। इसके लिए एचआईवी हॉटस्पॉट क्षेत्रों में कैंप लगाकर अधिक से अधिक लोगों की जांच कराने का निर्देश दिया गया। एचआईवी पॉजिटिव पाए जाने वाले लोगों का एआरटी के माध्यम से उपचार शुरू कराने तथा पंजीकृत एआरटी मरीजों का साल में कम से कम एक बार वायरल लोड जांच कराने को कहा गया।
कम्युनिटी सपोर्ट सेंटर को दवा छोड़ चुके मरीजों के घर जाकर दोबारा उपचार शुरू कराने का निर्देश दिया गया। अधिक वायरल लोड वाले मरीजों की BMI सहित अन्य स्वास्थ्य जांच कराने तथा उनके घर जाकर समस्याओं की जानकारी विभाग को देने को कहा गया। एचआईवी संक्रमित गर्भवती महिलाओं के घर जाकर उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के समाधान का भी निर्देश दिया गया।
आईसीटीसी सदर अस्पताल की समीक्षा में एचआईवी जांच की संख्या बढ़ने और टीबी जांच के लिए रेफर किए जा रहे मरीजों की संख्या में वृद्धि पर संतोष जताया गया। वहीं, आईसीटीसी जयनगर में एचआईवी जांच बढ़ाने का निर्देश दिया गया। दिशा की क्लस्टर प्रोग्राम मैनेजर डॉ. रचना शर्मा ने एचआईवी जागरूकता और प्रचार-प्रसार पर जोर दिया।
हर 15 दिन में वर्चुअल बैठक कर कार्यक्रम की समीक्षा करने का निर्णय लिया गया, ताकि निर्धारित 95-95-95 लक्ष्य की दिशा में प्रगति सुनिश्चित की जा सके। बैठक में डॉ. रविकांत कुमार, डॉ. रचना शर्मा, डाटा मैनेजर संजय कुमार, लैब टेक्नीशियन चंदन किशोर, अयाज अहमद, दीपक कुमार, रिया कुमारी, दीपक कुमार, पूजा कुमारी, अंजला, जितेंद्र सहित अन्य कर्मी उपस्थित थे।


