Koderma News: प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश रमाकांत मिश्रा के मार्गदर्शन में लगा विधिक जागरूकता शिविर

कोडरमा: झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देश के आलोक में जिला विधिक सेवा प्राधिकार, कोडरमा के तत्वावधान में इन दिनों चलाए जा रहे साइबर अपराध, लैंगिक समानता, स्थाई लोक अदालत, दहेज प्रथा एवं महिलाओं से संबंधित कानूनी प्रावधानों पर आधारित जागरूकता अभियान के तहत आज मंगलवार को जयनगर प्रखंड के तमाय पंचायत भवन एवं राजकीय उत्क्रमित उच्च विद्यालय सोनपुरा, जयनगर में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम कोडरमा के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार रमाकांत मिश्रा के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में जिला विधिक सेवा प्राधिकार कोडरमा के सचिव गौतम कुमार रहे। बतौर मुख्य अतिथि शिविर को संबोधित करते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकार कोडरमा के सचिव गौतम कुमार ने कहा कि इन दिनों साइबर अपराध के तहत नए-नए तरीकों का इस्तेमाल किया जा रहा है, इसलिए इस प्रकार के किसी भी प्रलोभन में पड़कर साइबर अपराध का शिकार होने से बचने की जरूरत है। इसके अलावा लैंगिक समानता, स्थाई लोक अदालत, दहेज प्रथा एवं महिलाओं के विरुद्ध अपराध पर आधारित कई प्रकार की जानकारियां दी गईं।
उन्होंने कहा कि नशाखोरी एक ऐसा सामाजिक एवं कानूनी अपराध है जिससे व्यक्ति का मानसिक, शारीरिक एवं आर्थिक नुकसान होता है तथा व्यक्ति का सर्वांगीण विकास अवरुद्ध हो जाता है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा साइबर अपराध, नशाखोरी एवं अवैध तस्करी पर रोक लगाने के लिए कई कानून बनाए गए हैं एवं केंद्र व राज्य सरकार द्वारा कई कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं ताकि पूरा देश इन सामाजिक कुरीतियों से मुक्त हो सके।
अपने संबोधन में न्यायालयकर्मी रणजीत कुमार सिंह ने कहा कि आज के समय में साइबर अपराध एवं नशीले पदार्थों के सेवन से किसी भी व्यक्ति का मानसिक संतुलन बिगड़ जाता है और सही-गलत के बीच फर्क का पता नहीं चलता है, जिससे व्यक्ति किसी भी आपराधिक गतिविधियों को कारित कर देता है और कानून द्वारा उसे कठोर दंड का भागी बनना पड़ता है।
तमाय पंचायत की मुखिया सीमा कुमारी ने लोगों से अपील की है कि प्रत्येक व्यक्ति साइबर अपराध के विरुद्ध अभियान चलाकर साइबर अपराध मुक्त भारत के निर्माण में अपनी अहम भागीदारी सुनिश्चित करे, तभी हम स्वस्थ एवं स्वच्छ भारत के निर्माण की परिकल्पना कर सकते हैं।
कार्यक्रम को पूर्व मुखिया लक्ष्मण यादव एवं उपमुखिया मो. शमसूल अंसारी ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन पीएलवी शिव कुमार मोदी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन समशाद अंसारी ने किया। मौके पर पीएलवी दिनेश कुमार रजक, हिरामन रजक, पंचायत सचिव अजय कुमार, रतन चंद चौधरी, किशोर राणा, शहादत मियां, शबाना परवीन, इंद्रदेव साव, अमर कुमार, संगीता कुमारी सहित सैकड़ों की संख्या में लोग मौजूद थे।


