Koderma News: नॉकआउट फुटबॉल टूर्नामेंट में देवघर ने धनबाद को 2-1 से हराया

कोडरमा: मरकच्चो प्रखंड के बिचरिया नईटांड़ में आयोजित नॉकआउट फुटबॉल टूर्नामेंट में रविवार को देवघर और धनबाद की टीम के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ। कांटे की टक्कर वाले मैच में देवघर की टीम ने धनबाद को 2-1 से पराजित कर प्रतियोगिता के अगले चक्र में प्रवेश किया। मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए एक-दूसरे पर दबाव बनाने का प्रयास किया। खिलाड़ियों के शानदार तालमेल और तेज खेल ने मैदान में मौजूद दर्शकों को रोमांचित कर दिया। पहले हाफ में दोनों टीमों ने गोल के लिए लगातार प्रयास किए। देवघर ने बेहतर तालमेल का परिचय देते हुए दो गोल दागकर 2-1 की बढ़त हासिल कर ली, जबकि धनबाद की टीम एक गोल कर सकी।
मध्यांतर के बाद धनबाद के खिलाड़ियों ने बराबरी के लिए लगातार हमले किए, लेकिन देवघर की मजबूत रक्षापंक्ति ने उनके प्रयासों को सफल नहीं होने दिया। निर्धारित समय तक कोई और गोल नहीं हो सका और देवघर ने 2-1 की बढ़त बरकरार रखते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। मैच समाप्त होने के बाद टूर्नामेंट समिति के पदाधिकारियों एवं खेलप्रेमियों ने विजेता टीम के खिलाड़ियों को बधाई दी। प्रतियोगिता को लेकर क्षेत्र के खेलप्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
मैच में निर्णायक की भूमिका हीरालाल महतो, प्रवीण कुमार रवि और तफ्फजूल अंसारी ने निभाई। वहीं, खेल का आंखों देखा हाल शिक्षक जितेंद्र यादव एवं संजय विश्वकर्मा ने सुनाया। आयोजन को सफल बनाने में समिति के अध्यक्ष मनींद्र राम, सचिव संजय सिंह, कोषाध्यक्ष प्रदीप राम, राजकुमार यादव, सुनील यादव, रणजीत कुमार सिंह, कैलाश यादव, जनार्दन यादव, रामप्रसाद साव, कृष्णदेव यादव, नारायण दास, सरयू साव, मुखिया टीपन पांसी, दीपक कुमार, डॉ. बैजनाथ, रामकृपाल सिंह, विनय राम, रामचंद्र दास, टुपलाल पंडित समेत न्यू स्पोर्टिंग क्लब के सभी सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही।


