Koderma News: गांधी जयंती पर मंडल कारा में आयोजित हुआ जेल अदालत व विधिक जागरूकता शिविर

कोडरमा: झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देश के आलोक में जिला विधिक सेवा प्राधिकार, कोडरमा के तत्वावधान में मंडल कारा, कोडरमा में शुक्रवार को गांधी जयंती के अवसर पर जेल अदालत एवं विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
बंदियों के बीच आयोजित विधिक जागरूकता शिविर के मुख्य अतिथि मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी अमित कुमार वैश ने कहा कि बंदी अपने भीतर से नकारात्मक सोच को हटाकर सकारात्मक सोच पैदा करें तथा अपराध की दुनिया से निकलकर समाज की मुख्य धारा में शामिल हों, ताकि स्वस्थ समाज के निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित हो सके। उन्होंने बंदियों को प्ली-बार्गेनिंग की जानकारी देते हुए कहा कि इसके तहत बंदी अपना दोष स्वीकार कर अपनी सजा कम करा सकते हैं। उन्होंने अपने संबोधन में भारतीय संविधान में बंदियों के लिए प्रदत्त मौलिक अधिकारों को काफी विस्तार से बताया।
विशिष्ट अतिथि जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव गौतम कुमार ने शिविर को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी मामले में आधे से अधिक सजा काट चुके बंदी अपना दोष स्वीकार कर कारामुक्त हो सकते हैं, यदि वह अपराध बच्चों एवं महिलाओं के विरुद्ध न हो। उन्होंने कहा कि जेल में आने वाला प्रत्येक व्यक्ति अपने आप को अपराधी न माने। उन्होंने बंदियों को दिए जाने वाले अधिकारों को काफी विस्तार से बताया।
शिविर को डिप्टी चीफ एलएडीसी अधिवक्ता किरण कुमारी ने भी संबोधित करते हुए बंदियों को दिए जाने वाले अधिकारों एवं इससे संबंधित कानूनी प्रावधानों पर प्रकाश डाला। वहीं उन्होंने प्राधिकार द्वारा चलाए जा रहे कार्यक्रमों पर विशेष रूप से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम से पूर्व सभी अतिथियों ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री की तस्वीर पर माल्यार्पण किया। इस अवसर पर आयोजित जेल अदालत में मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी, कोडरमा के न्यायालय में लंबित वाद जी.आर. 141/2026 के अभियुक्त अब्दुल रहमान खान उर्फ बंगाली को दोष स्वीकारोक्ति के आधार पर जेल में बिताई गई अवधि को पर्याप्त मानते हुए ₹2000 का जुर्माना करते हुए रिहा किया गया।
इस अवसर पर जेल चिकित्सक डॉ. अभिषेक के कुशल नेतृत्व में बंदियों के लिए मेडिकल हेल्थ चेकअप कैंप का भी आयोजन किया गया, जिसमें सभी बंदियों के स्वास्थ्य की जाँच की गई। कार्यक्रम का संचालन न्यायालय कर्मी रणजीत कुमार सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रभारी जेलर राजीव पासवान ने किया। मौके पर जेल अधीक्षक राज मोहन राजन, एलएडीसी के अधिवक्ता राजेंद्र मंडल, अरुण कुमार ओझा, अश्विनी शरण, ललन कुमार चौधरी, न्यायालय कर्मी विकास कुमार, सुमित कुमार, मो. नसीम, जेलकर्मी राजीव कुमार, पीएलवी पांडेय शेखर प्रसाद, जेल पीएलवी राहुल कुमार सहित सैकड़ों बंदी मौजूद थे।


