Koderma News: जिला कुष्ठ निवारण पदाधिकारी डॉ. रमण कुमार की अध्यक्षता में आयोजित हुई समीक्षा बैठक

कोडरमा: जिला कुष्ठ निवारण पदाधिकारी डॉ. रमण कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को जिला कुष्ठ निवारण विभाग में कार्यरत कर्मियों एवं जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) के कुष्ठ नोडल कर्मियों की मासिक समीक्षा बैठक हुई। बैठक में कुष्ठ निवारण कार्यक्रम के तहत संचालित गतिविधियों, मरीजों के उपचार, फॉलोअप और क्षेत्रीय कार्यों की समीक्षा की गई। डॉ. रमण कुमार ने सभी कर्मियों को प्रत्येक माह एडवांस टूर प्रोग्राम (एटीपी) एवं एक्शन टेकन रिपोर्ट अनिवार्य रूप से जमा करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि इससे जिला स्तर से कुष्ठ निवारण से संबंधित कार्यों की नियमित समीक्षा एवं स्थलीय निरीक्षण सुनिश्चित किया जा सकेगा। उन्होंने इलाजरत कुष्ठ मरीजों तथा ग्रेड-2 दिव्यांगता वाले सभी मरीजों की क्षेत्रवार सूची संबंधित सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। साथ ही सीएचओ को अपने-अपने क्षेत्र के मरीजों की नियमित स्वास्थ्य जांच और आवश्यक फॉलोअप सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में फिजियोथैरेपिस्ट को निर्देश दिया गया कि सभी ग्रेड-2 दिव्यांगता वाले मरीजों को सेल्फ केयर प्रैक्टिस के संबंध में आवश्यक प्रशिक्षण एवं उन्मुखीकरण दिया जाए। इसका उद्देश्य मरीजों के हाथ-पैर में होने वाले अल्सर एवं अन्य जटिलताओं से बचाव करना है। सहायक श्यामाकांत को निर्देश दिया गया कि मासिक प्रगति प्रतिवेदन तैयार करने से पहले सभी प्रखंडों के मास्टर रजिस्टर, ड्रग स्टॉक रजिस्टर, कॉन्टैक्ट रजिस्टर एवं डिसएबिलिटी रजिस्टर की जांच सुनिश्चित करें।
इसके अलावा सभी प्रखंडों में किए गए फील्ड विजिट का प्रतिवेदन भी जमा करने का निर्देश दिया गया। सभी एमपीडब्ल्यू को नए कुष्ठ मरीजों के संपर्क में आने वाले अधिकतम 25 से 30 व्यक्तियों को एसडीआर की खुराक दिलाना सुनिश्चित करने को कहा गया। बैठक में बताया गया कि संपर्क में आने वाले व्यक्तियों को निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार एसडीआर उपलब्ध कराने से कुष्ठ रोग के प्रसार को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी।
बैठक में फिजियोथैरेपिस्ट राजीव रंजन, अचिकित्सा सहायक श्यामाकांत, एमपीडब्ल्यू लालबहादुर दास, सुनील कुमार साव, प्रदीप कुमार, जावेद अंसारी, एएनएम प्रीति कुमारी, कुणाल एवं लिपिक आदित्य कुमार उपस्थित थे।


