Koderma News: घर को त्याग कर मोक्ष मार्ग की ओर बढ़ने के पूर्व बिनौली और गोद भराई कार्यक्रम

जैनेश्वरी दीक्षा से पूर्व आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में मौजूद श्रद्धालु।

कोडरमा: आगामी जैनेश्वरी दीक्षा ग्रहण करने के पूर्व पाँच दीक्षार्थी ब्रह्मचारी भाइयों के लिए बिनौली एवं गोद भराई समारोह जैन समाज झुमरीतिलैया के सानिध्य में आयोजित किया गया। मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र से आए दीक्षार्थी भाइयों का स्वागत श्री दिगम्बर जैन मंदिर में समाज के पदाधिकारियों ने मुकुट-माला पहनाकर, तिलक लगाकर किया। तत्पश्चात वहां से समाज के लोगों ने गाजे-बाजे के साथ जैन मंदिर में लेकर आए।

जैन मंदिर में सभी पांचों दीक्षार्थियों ने अध्यात्म योगी जैन संत परम तपस्वी मुनि श्री 108 सुयशसागर जी मुनिराज और मुनि श्री 108 कौशल्य सागर जी मुनिराज से आशीर्वाद प्राप्त किया। उनका चरण प्रक्षालन किया। इस अवसर पर मुनि श्री ने अपनी अमृतवाणी में कहा कि मनुष्य जीवन का सार ज्ञान का सेवन करते हुए संयम को धारण करना है। योग मिलने के बाद भी उपयोग न करें तो वह जीवन बेकार है। जैन धर्म में दीक्षा लेने से बड़ा कोई संस्कार पद नहीं है। आप सभी ने जिस पथ को चुना है, वही मोक्ष मार्ग है। जैन दर्शन में जैनेश्वरी दीक्षा प्राप्त करके ही अपना आत्म कल्याण कर सकते हैं और भक्त से भगवान बन सकते हैं।

दीक्षा लेने वाले सभी युवा नेशनल डिफेंस का पद छोड़कर, एमबीए, सीए, इंजीनियरिंग, कंपनी सेक्रेटरी प्राप्त किए छात्र हैं, जिनको जैन संत आचार्य श्री 108 गुरुदेव विशुद्ध सागर जी महामुनिराज 25 अक्टूबर को भारत की राजधानी दिल्ली के लाल किला में जिनेश्वरी दीक्षा प्रदान करेंगे। संसार की मोह-माया को छोड़कर इन लोगों ने पूज्य बनने के लिए अपना कदम बढ़ाया है। व्यक्तित्व सुंदर हो तो कृतित्व भी सुंदर होता है। वैराग्य वह है, जिसमें व्यक्ति हृदय से भीग जाए। शुभ कार्य जितनी जल्दी हो, कर लेना चाहिए। मेरा सभी दीक्षार्थी ब्रह्मचारी भाइयों को बहुत-बहुत आशीर्वाद है।

आज के कार्यक्रम का मंच संचालन स्थानीय पंडित अभिषेक जैन शास्त्री ने किया। मंगलाचरण सुबोध जैन गंगवाल ने किया। दीप प्रज्वलन बाल ब्रह्मचारी अंकित भैया, प्रतापगढ़ राजस्थान, ब्रह्मचारी अनिकेत भैया, ब्रह्मचारी यश भैया भिंड, ब्रह्मचारी प्रशन्न पाटनी भैया, ब्रह्मचारी वकील चंद भैया बडौत ने संयुक्त रूप से किया। सभी ब्रह्मचारी भाइयों ने अपना उद्बोधन भी दिया।

समाज के उप मंत्री नरेन्द्र जैन झांझरी, सह मंत्री राज छाबड़ा, विरागोदय वर्षायोग समिति के संयोजकगण ने सभी दीक्षा लेने वालों के लिए अपनी शुभकामनाएं प्रेषित कीं और भक्तजनों को कहा कि इनके जीवन से हमें सीख लेने की आवश्यकता है। समाज के सभी लोगों ने गोद भराई का कार्य किया।

मौके पर समाज के सुरेश जैन झाझंरी, सुशील जैन छाबड़ा, ललित जैन सेठी, जय कुमार जैन गंगवाल, सुनील कुमार जैन वर्षायोग संयोजक, रौनक जैन कासलीवाल, सिद्धान्त जैन सेठी आदि सभी संयोजकगण, महिला समाज की अध्यक्ष नीलम जैन सेठी, मंत्राणी आशा जैन गंगवाल, राजकुमार जैन अजमेरा, नवीन जैन आदि लोग उपस्थित थे।

लेखक के बारे में

By Kumar Ramesham

Kumar Ramesham is associated with Samridh Jharkhand and actively covers local news, public issues, social developments, and important updates from Jharkhand and nearby regions. He focuses on delivering timely, factual, and community-centered reporting with an emphasis on accuracy and reliability.

Read More