Koderma News: बगडो व फुलवरिया में डीएलएसए द्वारा विधिक जागरूकता शिविर का हुआ सफल आयोजन

ग्रामीणों को संबोधित करते डीएलएसए सचिव।

कोडरमा: राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार, नई दिल्ली एवं झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DLSA), कोडरमा के तत्वावधान में शिविर का आयोजन किया गया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष रमाकांत मिश्रा के मार्गदर्शन तथा प्राधिकार के सचिव गौतम कुमार के नेतृत्व में डोमचांच प्रखंड के बगडो एवं फुलवरिया पंचायत भवन में विधिक जागरूकता शिविर संपन्न हुआ।

इस शिविर में मुख्य रूप से साइबर अपराध, डिजिटल अरेस्ट, लैंगिक समानता तथा महिलाओं से संबंधित कानूनों पर जन जागरूकता फैलाई गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि गौतम कुमार ने कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराध बढ़ने से लोग ठगी का शिकार हो रहे हैं, जिससे बचने के लिए जागरूकता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि लोग जानकारी के अभाव में प्रायः ‘डिजिटल अरेस्ट’ के जाल में फँस जाते हैं। ठग वीडियो कॉल के माध्यम से पुलिस अधिकारी या जज बनकर लोगों को झूठी शिकायत का भय दिखाते हैं और रुपयों की माँग करते हैं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई साइबर ठगी का शिकार होता है, तो वह तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर अपनी शिकायत दर्ज कराए। इसके अलावा, उन्होंने महिला उत्पीड़न एवं बाल विवाह जैसी कुरीतियों पर रोक लगाने हेतु तत्काल नजदीकी थाना, प्रखंड विकास पदाधिकारी या बाल विकास परियोजना पदाधिकारी को सूचित करने की अपील की।

LADCS के अधिवक्ता अश्विनी शरण ने कहा कि सही कानूनी जानकारी के अभाव में लोग अपराध का शिकार बनते हैं। इसलिए अपने अधिकारों को प्राप्त करने के लिए कानून के प्रति जागरूक होना आवश्यक है। कार्यक्रम का संचालन न्यायालयकर्मी रणजीत कुमार सिंह ने किया। मौके पर बगडो पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि राजेंद्र यादव, अनु देवी, आशा कुमारी, मीना देवी, अनीता कुमारी, कंचन देवी, पूनम देवी, जूली देवी, रूबी देवी, मालती देवी के अलावा फुलवरिया पंचायत के सचिव रामकुमार शर्मा, रंजीत कुमार रजक, धनेश्वर रविदास, प्रमिला कुमारी, प्रिया मेहता, अर्चना देवी, लक्ष्मी कुमारी, पूजा देवी, गुड़िया देवी, कंचन मेहता, कविता कुमारी तथा पीएलवी सुब्रत कुमार मुखर्जी व विक्की पासवान सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

लेखक के बारे में

By Kumar Ramesham

Kumar Ramesham is associated with Samridh Jharkhand and actively covers local news, public issues, social developments, and important updates from Jharkhand and nearby regions. He focuses on delivering timely, factual, and community-centered reporting with an emphasis on accuracy and reliability.

Read More