Koderma News: विश्व मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता सप्ताह पर जिला अस्पताल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

जिला अस्पताल के प्रतीक्षालय में मरीजों और परिजनों को जागरूक करते नोडल पदाधिकारी।

कोडरमा: विश्व मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता सप्ताह के अवसर पर सोमवार को जिला अस्पताल, कोडरमा के प्रतीक्षालय में मरीजों एवं उनके परिजनों के बीच मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कुष्ठ निवारण पदाधिकारी-सह-नोडल पदाधिकारी, एनसीडी सेल, कोडरमा डॉ. रमण कुमार ने की। मौके पर डॉ. रमण कुमार ने कहा कि मानसिक रोग किसी व्यक्ति की कमजोरी या असफलता का प्रतीक नहीं, बल्कि एक स्वास्थ्य संबंधी समस्या है। इसकी समय पर पहचान, उचित परामर्श और समुचित उपचार से मरीज के स्वास्थ्य में सुधार संभव है।

उन्होंने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य को शारीरिक स्वास्थ्य के समान ही प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने मानसिक तनाव, चिंता, अवसाद, नशे की लत, नींद में बदलाव तथा व्यवहार में असामान्य परिवर्तन जैसे संकेतों को नजरअंदाज नहीं करने की अपील की। उन्होंने बताया कि जिला अस्पताल में मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ किया गया है, जहां मनोचिकित्सक एवं प्रशिक्षित विशेषज्ञों के माध्यम से मरीजों को आवश्यक परामर्श और उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने लोगों से मानसिक स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर सामाजिक संकोच छोड़कर समय रहते स्वास्थ्य संस्थान से संपर्क करने की अपील की।

व्यवहार और सोच में बदलाव को समझना जरूरी

जिला अस्पताल की मनोचिकित्सक डॉ. शिल्पी शर्मा ने मानसिक रोगों की पहचान, लक्षण एवं उपचार के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि व्यक्ति के व्यवहार, सोच, भावनाओं और दैनिक कार्यक्षमता में लगातार होने वाला असामान्य बदलाव मानसिक स्वास्थ्य समस्या का संकेत हो सकता है। उन्होंने बताया कि लंबे समय तक उदासी या निराशा, अत्यधिक चिंता एवं बेचैनी, नींद अथवा भूख में असामान्य बदलाव, किसी कार्य में रुचि खत्म होना, लोगों से अलग-थलग रहना, अत्यधिक चिड़चिड़ापन, ध्यान एवं एकाग्रता में कमी, असामान्य भय या भ्रम तथा ऐसी आवाजें सुनाई देना, जो अन्य लोगों को सुनाई नहीं देतीं—इन सभी लक्षणों को गंभीरता से लेने की जरूरत है।

डॉ. शिल्पी शर्मा ने बताया कि मानसिक रोगों का उपचार उनकी प्रकृति और गंभीरता के अनुसार दवा, मनोवैज्ञानिक परामर्श, मनोचिकित्सकीय उपचार तथा पारिवारिक सहयोग के माध्यम से किया जाता है। उन्होंने उपचार के दौरान चिकित्सकीय सलाह के अनुसार नियमित दवा लेने और निर्धारित समय पर फॉलो-अप कराने को महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम में परिवार के सदस्यों से मानसिक रोग से जूझ रहे व्यक्ति के साथ सहानुभूति और सम्मान का व्यवहार करने तथा उसे सामाजिक रूप से अलग-थलग नहीं करने की अपील की गई।

साथ ही मानसिक रोगों को लेकर समाज में व्याप्त भ्रम, अंधविश्वास और सामाजिक कलंक को दूर करने पर जोर दिया गया। मरीजों एवं उनके परिजनों को मानसिक स्वास्थ्य संबंधी लक्षण दिखाई देने पर समय रहते मनोचिकित्सक अथवा मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से परामर्श लेने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में डॉ. शैलेन्द्र कुमार वर्मा, राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के डॉ. सिद्धान्त ओहदार, राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के जिला परामर्शी दीपेश कुमार, वरीय अस्पताल प्रबंधक रविकांत पटेल सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित थे।

लेखक के बारे में

By Kumar Ramesham

Kumar Ramesham is associated with Samridh Jharkhand and actively covers local news, public issues, social developments, and important updates from Jharkhand and nearby regions. He focuses on delivering timely, factual, and community-centered reporting with an emphasis on accuracy and reliability.

Read More