धनतेरस पर झंडा चौक ओवरब्रिज समेत प्रमुख मार्गों पर ऑटो-टोटो का परिचालन रहेगा बंद

कोडरमा: धनतेरस और दीपावली के मद्देनजर शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने और खरीदारों को परेशानी से बचाने के लिए जिला प्रशासन ने विशेष व्यवस्था की है। शुक्रवार, 6 नवंबर को झुमरी तिलैया के प्रमुख मार्गों पर ऑटो-टोटो का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा। अनुमंडल पदाधिकारी निर्मल सोरेन एवं एसडीपीओ प्रमोद केसरी ने बताया कि कोडरमा प्रखंड मुख्यालय स्थित ब्लॉक मैदान में पटाखों की दुकानें लगाने के लिए नगर परिषद की ओर से स्थानों की मार्किंग कर दी गई है।
दुकानदारों से निर्धारित स्थलों पर ही दुकान लगाने की अपील की गई है। वहीं, कोडरमा में दुर्गा मंडप के समीप पटाखों की दुकानें लगाई जाएंगी। अन्य प्रखंडों में भी बीडीओ और थाना प्रभारियों को सुरक्षित स्थान चिह्नित कर दुकानें लगवाने का निर्देश दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि 6 नवंबर को झुमरी तिलैया में सुभाष चौक से सामंतो पेट्रोल पंप और तिलैया थाना तक ऑटो-टोटो का परिचालन सुबह 11 बजे से रात 12 बजे तक जारी रहेगा, जबकि झंडा चौक ओवरब्रिज, स्टेशन रोड, झंडा चौक और पूर्णिमा टॉकीज रोड पर करीब 10 घंटे तक इनके परिचालन पर रोक रहेगी।
इस दौरान लोग निजी एवं दोपहिया वाहनों से बाजार में खरीदारी कर सकेंगे। एसडीओ और एसडीपीओ ने बताया कि धनतेरस से दीपावली तक सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। साथ ही सादे लिबास में भी पुलिसकर्मी बाजार और भीड़भाड़ वाले इलाकों में निगरानी करेंगे। अधिकारियों ने आम नागरिकों, वाहन चालकों और दुकानदारों से यातायात नियमों का पालन करने तथा व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन को सहयोग करने की अपील की है।


