Koderma News: उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता ने मीता पोर्टल व जनता दरबार के आवेदनों की समीक्षा की

कोडरमा: उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनता शिकायत कोषांग के अंतर्गत मीता पोर्टल पर दर्ज जन शिकायतों और जनता दरबार से प्राप्त आवेदनों के निष्पादन की समीक्षा की। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित लंबित शिकायतों पर अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी ली गई।
समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को लंबित मामलों का शीघ्र, प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आम लोगों से प्राप्त शिकायतों के समाधान में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए और प्रत्येक मामले का नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में सभी प्रखंड एवं अंचल कार्यालयों के अलावा विद्युत विभाग, नगर परिषद झुमरी तिलैया, नगर पंचायत कोडरमा, नगर पंचायत डोमचांच तथा अनुमंडल कार्यालय से संबंधित शिकायतों की विशेष रूप से समीक्षा की गई। उपायुक्त ने अधिकारियों को शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा कार्रवाई पूरी होने के बाद मीता पोर्टल पर अद्यतन प्रतिवेदन दर्ज करने का निर्देश दिया।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों के निष्पादन में तेजी लाने के साथ-साथ यह भी सुनिश्चित करें कि आवेदकों की समस्याओं का वास्तविक और संतोषजनक समाधान हो। बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी निर्मल सोरेन, उप निर्वाचन पदाधिकारी विजय कुमार सोनी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी राम रतन वर्णवाल, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, प्रखंड परियोजना पदाधिकारी समेत संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।


