Koderma News: व्यवहार न्यायालय में अधिवक्ताओं व लिपिकों को दिया गया ई-कोर्ट सर्विस का व्यावहारिक प्रशिक्षण

कोडरमा: व्यवहार न्यायालय, कोडरमा में अधिवक्ताओं एवं अधिवक्ता लिपिकों को ई-कोर्ट सर्विस से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण देने के उद्देश्य से प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिवक्ता एवं अधिवक्ता लिपिक शामिल हुए और ई-कोर्ट सेवाओं से संबंधित विभिन्न तकनीकी प्रक्रियाओं का बारीकी से प्रशिक्षण प्राप्त किया।

कार्यक्रम के दौरान ई-कोर्ट फाइलिंग, दस्तावेज अपलोडिंग, ऑनलाइन कोर्ट फीस भुगतान, केस सर्च सहित अन्य महत्वपूर्ण डिजिटल न्यायिक सेवाओं के संबंध में जानकारी दी गई। प्रशिक्षकों ने बताया कि ई-कोर्ट सेवाओं का सही तरीके से उपयोग कर अधिवक्ता एवं अधिवक्ता लिपिक न्यायिक प्रक्रियाओं को अधिक सरल, तेज एवं सुविधाजनक बना सकते हैं। इससे समय एवं खर्च की बचत होने के साथ-साथ ऑनलाइन न्यायिक प्रक्रियाओं के दौरान आने वाली तकनीकी परेशानियों से भी काफी हद तक बचा जा सकता है।

कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन कोडरमा न्यायमंडल के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश  रामाकांत मिश्रा ने किया। इस अवसर पर अपर सत्र न्यायाधीश तृतीय राकेश चंद्रा, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी  अमित कुमार वैश्य, न्यायाधीश प्रभारी  विकास कुमार भगत सहित कई न्यायालय कर्मी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण में शामिल अधिवक्ताओं एवं अधिवक्ता लिपिकों को स्टेशनरी किट भी प्रदान की गई।

प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश रामाकांत मिश्रा ने उपस्थित अधिवक्ताओं एवं अधिवक्ता लिपिकों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ई-कोर्ट सर्विस से संबंधित प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य अधिवक्ताओं को आधुनिक तकनीकी सुविधाओं से जोड़ना तथा न्यायिक प्रक्रिया को अधिक सरल एवं सुगम बनाना है। उन्होंने कहा कि न्यायिक व्यवस्था में लगातार तकनीकी बदलाव हो रहे हैं, ऐसे में अधिवक्ताओं एवं अधिवक्ता लिपिकों को इन बदलावों के अनुरूप स्वयं को तैयार रखना आवश्यक है।

वहीं, अपर सत्र न्यायाधीश तृतीय राकेश चंद्रा पूरे प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान उपस्थित रहे। उन्होंने अधिवक्ताओं को ई-कोर्ट सेवाओं से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर सुझाव एवं आवश्यक जानकारी दी तथा भविष्य में न्यायिक प्रक्रिया में ई-कोर्ट सेवाओं की बढ़ती आवश्यकता के बारे में विस्तार से बताया।

ई-कोर्ट सर्विस का प्रशिक्षण अनुभवी प्रशिक्षक अधिवक्ता जय गोपाल शर्मा, अधिवक्ता रविशंकर बनर्जी एवं कार्यालय अधीक्षक अजय प्रकाश द्वारा दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को ई-फाइलिंग एवं अन्य ऑनलाइन न्यायिक सेवाओं के व्यावहारिक पहलुओं से अवगत कराया गया तथा तकनीकी समस्याओं के समाधान के संबंध में भी जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में अधिवक्ता बिपिन सिन्हा, अशोक कुमार, कुलदीप कुमार, शिप्रा दुबे, यास्मिन प्रवीण, अंशु कुमारी, अविनाश प्रसाद, विवेकानंद सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता एवं अधिवक्ता लिपिक उपस्थित रहे। सभी प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को उपयोगी बताते हुए ई-कोर्ट सेवाओं के माध्यम से न्यायिक कार्यों को और अधिक सुगम एवं प्रभावी बनाने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण पहल बताया।

लेखक के बारे में

By Kumar Ramesham

Kumar Ramesham is associated with Samridh Jharkhand and actively covers local news, public issues, social developments, and important updates from Jharkhand and nearby regions. He focuses on delivering timely, factual, and community-centered reporting with an emphasis on accuracy and reliability.

Read More