Koderma News: साइबर अपराध और नशाखोरी के खिलाफ लोगों को किया गया जागरूक, दिए गए कानूनी सुझाव

विधिक जागरूकता शिविर को संबोधित करते सचिव गौतम कुमार।

कोडरमा: झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार, कोडरमा की ओर से शुक्रवार को चंदवारा पूर्वी पंचायत भवन में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह प्राधिकार के अध्यक्ष रमाकांत मिश्रा के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में साइबर अपराध, लैंगिक समानता, स्थायी लोक अदालत, दहेज प्रथा, महिलाओं के विरुद्ध अपराध और नशाखोरी से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई। मुख्य अतिथि जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव गौतम कुमार ने कहा कि साइबर अपराधी आए दिन ठगी के नए-नए तरीके अपना रहे हैं। ऐसे में लोगों को किसी भी तरह के प्रलोभन में आने से बचना चाहिए और सतर्क रहना चाहिए।

उन्होंने नशाखोरी को गंभीर सामाजिक एवं कानूनी समस्या बताते हुए कहा कि इससे व्यक्ति को मानसिक, शारीरिक और आर्थिक नुकसान होता है तथा उसका सर्वांगीण विकास प्रभावित होता है। उन्होंने साइबर अपराध, नशाखोरी और अवैध तस्करी पर रोक लगाने के लिए बनाए गए कानूनों एवं सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी। एलएडीसीएस के अधिवक्ता राजेंद्र मंडल ने कहा कि नशीले पदार्थों का सेवन व्यक्ति की सोचने-समझने की क्षमता को प्रभावित करता है और उसे गलत गतिविधियों की ओर धकेल सकता है। ऐसे मामलों में कानून के तहत कठोर दंड का प्रावधान है।

न्यायालयकर्मी रणजीत कुमार सिंह ने लोगों से साइबर अपराध के खिलाफ जागरूकता फैलाने और साइबर अपराधमुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। कार्यक्रम का संचालन पीएलवी सुमन रानी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन रोहित बहादुर साह ने किया। मौके पर लक्ष्मण प्रसाद यादव, रामेश्वर यादव, परमेश्वर यादव, सुरेश यादव, संजय कुमार पंडित, तुलसी यादव, राजेश सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

लेखक के बारे में

By Kumar Ramesham

Kumar Ramesham is associated with Samridh Jharkhand and actively covers local news, public issues, social developments, and important updates from Jharkhand and nearby regions. He focuses on delivering timely, factual, and community-centered reporting with an emphasis on accuracy and reliability.

Read More