Koderma News: स्मृतियों में सदैव जीवंत रहेंगे स्व. अवनीश शर्मा, द्वितीय पुण्यतिथि पर भावपूर्ण श्रद्धांजलि

कोडरमा: श्रद्धा, संवेदना और आत्मीय स्मृतियों से भरे वातावरण में रविवार को मंजुला शर्मा मेमोरियल एकेडमी, डोमचांच में स्वर्गीय अवनीश शर्मा की द्वितीय पुण्यतिथि पर भावपूर्ण श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। स्वर्गीय मंजुला शर्मा एवं प्रो. (डॉ.) के.पी. शर्मा के कनिष्ठ सुपुत्र अवनीश शर्मा को याद करते हुए विद्यालय परिवार, परिजनों और उपस्थित लोगों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद विद्यालय के निदेशक एवं स्वर्गीय अवनीश शर्मा के बड़े भाई रजनीश शर्मा, उनके चाचा कुंतेश शर्मा तथा विद्यालय के प्राचार्य अभिषेक कुमार पांडेय ने संयुक्त रूप से उनके चित्र पर माल्यार्पण किया। इसके बाद उपस्थित लोगों ने बारी-बारी से पुष्पांजलि अर्पित कर दिवंगत आत्मा के प्रति अपनी श्रद्धा और सम्मान व्यक्त किया।
सामूहिक भजन से भक्तिमय हुआ माहौल
श्रद्धांजलि समारोह के दौरान सामूहिक भजन का आयोजन किया गया। भजनों की मधुर धुनों से विद्यालय परिसर भक्तिमय हो उठा। उपस्थित लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति और सद्गति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। इसके बाद सभी ने दो मिनट का मौन रखकर स्वर्गीय अवनीश शर्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही शोकाकुल परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की गई।
स्मृतियां हमेशा दिलों में रहेंगी जीवंत
समारोह में वक्ताओं ने कहा कि किसी प्रियजन का बिछड़ना जीवन में ऐसी रिक्तता छोड़ जाता है, जिसे समय भी पूरी तरह नहीं भर सकता। उनसे जुड़ी स्मृतियां, आत्मीय अनुभूतियां और व्यक्तित्व की छाप हमेशा हृदय में बनी रहती हैं। पुण्यतिथि केवल दिवंगत व्यक्ति को याद करने का अवसर नहीं, बल्कि उनसे जुड़ी स्मृतियों को संजोने और उनके जीवन से जुड़े मूल्यों को आत्मसात करने का भी दिन है।
इस अवसर पर स्वर्गीय अवनीश शर्मा के प्रति विद्यालय परिवार के सदस्यों ने अपनी आत्मीयता और सम्मान व्यक्त किया। समारोह में मौजूद लोगों की भावपूर्ण श्रद्धांजलि ने उनके साथ जुड़े संबंधों और स्मृतियों की गहराई को दर्शाया।
विद्यालय परिवार और परिजनों ने दी श्रद्धांजलि
श्रद्धांजलि समारोह में विद्यालय के निदेशक सह बड़े भाई रजनीश शर्मा, प्राचार्य अभिषेक कुमार पांडेय, राजन मेहता, सेफ्टी ऑफिसर भाल चंद्र पांडेय, अलख सिंह, राकेश रोशन, अहसान अली और आर्ची उपस्थित रहे। शिक्षिकाओं एवं शिक्षकों में समृद्धि, सोनम, सिमरन और ऋषि राज सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं, गैर-शिक्षण कर्मचारी और परिवार के सदस्य भी शामिल हुए। सभी ने स्वर्गीय अवनीश शर्मा को श्रद्धासुमन अर्पित कर उनकी स्मृतियों को नमन किया।


