10 दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का सफल समापन, 600 एनसीसी कैडेट्स ने लिया प्रशिक्षण

कोडरमा। बागीटाड़ स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक कोडरमा परिसर में हजारीबाग ग्रुप मुख्यालय एनसीसी के अंतर्गत 45 झारखंड बटालियन एनसीसी, कोडरमा के तत्वावधान में कमांडिंग ऑफिसर कर्नल पारस लिंबू, कीर्ति चक्र के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में आयोजित 10 दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (CATC) का आज सफलतापूर्वक समापन हुआ।
शिविर में राज्य के विभिन्न जिलों से आए लगभग 600 एनसीसी कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर के अंतिम दिन 45 झारखंड बटालियन एनसीसी की ओर से सभी कैडेट्स को कैंप सर्टिफिकेट प्रदान किए गए। इसके उपरांत बटालियन के जेसीओ बलविंदर सिंह के नेतृत्व में ट्रेनिंग एनसीओ सुधीर मिश्रा द्वारा सभी कैडेट्स की गिनती एवं बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज की गई तथा कैडेट्स के कैंप से आने-जाने हेतु ट्रैवलिंग एलाउंस सहायक दिग्विजय कुमार द्वारा निर्गत किए गए।

दस दिनों के प्रशिक्षण के दौरान कैडेट्स को ड्रिल, योग, फायरिंग, प्लाटून अटैक, बायोनेट प्रशिक्षण, सड़क सुरक्षा, अग्नि सुरक्षा, व्यक्तित्व विकास एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं सहित अनेक गतिविधियों में भाग लेने और सीखने का अवसर मिला। कैडेट्स ने शिविर के दौरान प्राप्त प्रशिक्षण एवं अनुभव को उपयोगी और प्रेरणादायक बताया।
शिविर के समापन अवसर पर विभिन्न शिक्षण संस्थानों से आए एनसीसी अधिकारियों (ANOs) ने अपने-अपने कैडेट्स को सुरक्षित रूप से वापस ले जाने की प्रक्रिया पूरी की। इस अवसर पर बटालियन के सूबेदार मेजर जीके चौधरी, प्रशिक्षण स्टाफ, जेसीओ, उप कैंप कमांडर लेफ्टिनेंट संतोष कुमार, सूबेदार एवं पीआई स्टाफ और कार्यालय कर्मचारियों तथा सभी सहयोगी कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
समापन समारोह में संबोधित करते हुए कैंप कमांडिंग ऑफिसर ने कहा कि एनसीसी शिविर केवल सैन्य प्रशिक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह कैडेट्स में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, टीम भावना, जिम्मेदारी और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
शिविर के सफल आयोजन एवं समापन में 45 झारखंड बटालियन एनसीसी के समस्त अधिकारियों, एनसीसी अधिकारियों, जेसीओ, एनसीओ, प्रशिक्षण स्टाफ एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। सभी के समन्वित प्रयास से 10 दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का सफलतापूर्वक समापन हुआ।


