Koderma News: नुक्कड़ नाटक से ग्रिजली विद्यालय के विद्यार्थियों ने जगाई सड़क सुरक्षा की अलख

कोडरमा: सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने और आम लोगों को यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से तिलैया डैम स्थित ग्रिजली विद्यालय के वेलनेस क्लब के विद्यार्थियों ने बरही में प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों ने अपने अभिनय और संदेशों के माध्यम से लोगों को सड़क सुरक्षा के महत्व तथा यातायात नियमों के प्रति उनकी जिम्मेदारी का एहसास कराया।
कार्यक्रम का शुभारंभ डीएसपी राधा प्रेम किशोर एवं इंस्पेक्टर विनोद कुमार यादव के स्वागत के साथ हुआ। सम्मान और आभार के प्रतीक स्वरूप अतिथियों को पौधे भेंट किए गए तथा स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि रमेश ठाकुर भी उपस्थित थे।
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों ने सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। उन्होंने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, यातायात संकेतों का पालन करने, तेज गति से वाहन नहीं चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने और नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने का संदेश दिया। इसके साथ ही पैदल यात्रियों की सुरक्षा और सड़क पर चलने वाले प्रत्येक व्यक्ति के प्रति जिम्मेदारी निभाने पर भी जोर दिया।
विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से बताया कि सड़क सुरक्षा केवल यातायात नियमों का पालन करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह अनमोल मानव जीवन की रक्षा करने की सामूहिक जिम्मेदारी है। उनके उत्साहपूर्ण अभिनय और सार्थक संदेशों ने उपस्थित लोगों को प्रभावित किया।
इस अवसर पर डीएसपी राधा प्रेम किशोर ने विद्यार्थियों एवं विद्यालय प्रबंधन के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा का दूत बनकर अपने परिवार, मित्रों और समाज के अन्य लोगों के बीच जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि यातायात नियम सभी की सुरक्षा के लिए बनाए गए हैं और सड़क पर की गई छोटी-सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। उन्होंने सभी से हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, यातायात संकेतों का पालन करने तथा तेज गति और लापरवाही से वाहन नहीं चलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी और युवा अपने व्यवहार में सकारात्मक बदलाव लाकर समाज में महत्वपूर्ण परिवर्तन ला सकते हैं।
कार्यक्रम का आयोजन वेलनेस क्लब के नेतृत्व में किया गया। क्लब में तन्वी अध्यक्ष, मीनाक्षी उपाध्यक्ष तथा समर यादव संयुक्त सचिव के रूप में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं।
नुक्कड़ नाटक में श्रेया कुमारी, तन्वी, नंदनी कुमारी, सोहानी कुमारी, क्षिति राज, सृष्टि कुमारी, अदिति कश्यप, रुचिका कुमारी, स्वाति कुमारी, कोमल सिंह, मीनाक्षी वर्मा, मीनाक्षी कुमारी, प्रतीक्षा सिंह, आकृति यादव, खुशी कुमारी, रानी कुमारी, राजवंश कुमार, दियांश श्रीवास्तव, इसराफिल अंसारी, नवीन यादव, शुभम कुमार, प्रकृति सिंह, आरुषि कुमारी, राजलक्ष्मी गुप्ता, साक्षी यादव, रुद्र ठाकुर, विवेक कुमार रजक, रोशन कुमार, समर यादव एवं पवन कुमार तिवारी ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
विद्यार्थियों में अनुशासन बनाए रखने और कार्यक्रम को सुचारू रूप से संपन्न कराने में अमरदीप पाण्डेय ने सहयोग दिया। संपूर्ण कार्यक्रम का संचालन एवं मार्गदर्शन समग्र प्रभारी आर. डी. पांडेय के निर्देशन में किया गया।
कार्यक्रम का समापन “सड़क सुरक्षा, जीवन रक्षा—सावधानी हटी, दुर्घटना घटी” के संदेश के साथ हुआ। यह पहल ग्रिजली विद्यालय की गुणवत्तापूर्ण एवं समग्र शिक्षा के साथ सामाजिक उत्तरदायित्व और सामुदायिक सहभागिता के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है। विद्यार्थियों ने कक्षा की चारदीवारी से बाहर निकलकर आम लोगों के बीच जागरूकता का संदेश देते हुए साबित किया कि युवा पीढ़ी समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का सशक्त माध्यम बन सकती है।


