झारखंड : विधानसभा परिसर में फूट-फूट कर रोए भाजपा विधायक अमर कुमार बाउरी, बोले – मैं दलित हूं, इसलिए…

रांची : झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र एक तरह से कई मायनों में अभूतपूर्व रहा। नमाज अता करने के लिए कक्ष आवंटित किए जाने पर इस संक्षिप्त सत्र की कार्यवाही सुचारू रूप से नहीं चल पायी और भाजपा एवं झामुमो-कांग्रेस ने एक-दूसरे पर तीखे आरोप लगाए। सदन की कार्यवाही के आखिरी दिल भाजपा विधायक व पूर्व मंत्री अमर कुमार बाउरी फूट-फूट कर रोने लगे। वे इस कदर रोए कि उनका गला रेंध गया। उन्होंने खुद के दलित होने पर सदन में उपेक्षा किए जाने का आरोप लगाया।

अमर कुमार बाउरी ने कहा कि वे दलित विधायक हैं और सदन में बोलने नहीं दिया जा रहा है। लगातार सदन में बाबा साहेब आंबेडकर के संविधान का अपमान हो रहा है। बाउरी ने रोते हुए कहा कि बाब साहेब के संविधान का अपमान कर लोकतंत्र के मंदिर में नमाज कक्ष खोलने वाली हेमंत सोरेन सरकार अब उसी लोकतंत्र के मंदिर में एक दलित विधायक की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है।


अमर कुमार बाउरी ने कहा कि हमारे कार्यकर्ताओं पर लाठी चार्ज हुई, हमारे नेतााओ को मारा गया। उन्होंने कहा कि वे डिक्टेट कर रहे हैं, उन्होंने बोलने के लिए अपना गला फाड़ लिया लेकिन बोलने नहीं दिया। बाउरी ने कहा कि आप नियम विरुद्ध जाकर काम कर रहे हैं, हम गला फाड़ ले रहे हैं, लेकिन आपके कान पर जू तक नहीं रेंग रहा है। उन्होंने कहा कि आप संविधान का अपमान करते जा रहे हैं, इसे कभी बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है। बाउरी ने ये आरोप स्पीकर रवींद्रनाथ महतो पर लगाए।

बाउरी ने कहा कि उन्होंने कार्य स्थगन का नोटिस दिया और इसके लिए कार्य संचालन की नियमावली भी दिखायी…उसे पढने का आग्रह किया, लेकिन उन्होंने नहीं पढा। उन्होंने कहा कि वहां पक्ष-विपक्ष का सवाल नहीं है, मैं विधायक हूं, लेकिन मुझे नहीं बोलने नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि उनके नेता बाबूलाल जी और प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश को जान से मारने की कोशिश की गयी।

अमर बाउरी के इस वीडियो को भाजपा के अनेकों नेताओं ने ट्वीट किया है और सरकार पर सवाल उठाया है, साथ ही कहा है कि जनता इन आंसूओं का बदला चुनाव में लेगी।

वहीं, स्पीकर रवींद्रनाथ महतो ने भाजपा विधायक अमर कुमार बाउरी पर नाटक करने का आरोप लगाया। महतो के अनुसार, ये रोकर जनता को बेवकूफ बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि ये लोग चार दिन से वेल में हैं।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More