झारखंड: लालू यादव से जुड़े चारा घोटाला मामले में हुई बहस

रांची: राजद सुप्रीमो और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव से जुड़े चारा घोटाला का सबसे बड़े मामले आरसी- 47 ए/ 96 में गुरुवार को मेसर्स क्यू-मैक्स लेबोरेटरी प्राइवेट लिमिटेड के मैनेजर सुनील कुमार श्रीवास्तव की ओर से बहस हुई। उन्होंने बताया कि वह निर्दोष है।

मेसर्स क्यू-मैक्स लेबोरेटरी प्राइवेट लिमिटेड के मालिक शरद कुमार ने कोर्ट में आकर बयान दिया है कि सुनील कुमार श्रीवास्तव हमारे मैनेजर नहीं थे। फोर्थ ग्रेड के कर्मचारी थे। कंपनी से संबंधित सभी काम वह खुद करते थे। अब मामले में अगली बहस चार सितम्बर को होगी। सीबीआइ के विशेष न्यायाधीश एके शशि की अदालत में मामले की सुनवाई चल रही है। यह जानकारी सीबीआइ के वरीय विशेष लोक अभियोजक बीएमपी सिंह ने दी।

सीबीआइ के वरीय विशेष लोक अभियोजक बीएमपी सिंह ने बताया कि चारा घोटाला का यह सबसे बड़ा मामला है। इसमें सीबीआई की ओर से बहस पूरी हो गई है। इस मामले में अवैध निकासी, फर्जी आवंटन, फर्जी आपूर्ति पत्र विपत्र से की गई। चारा घोटाला के पशुओं का चारा दवा एवं उपकरणों की आपूर्ति के लिए अवैध राशि की निकासी की गई थी।

उन्होंने बताया कि पशुओं की ढुलाई के लिए स्कूटर, बाइक, ऑटो और जीप आदि का प्रयोग किया गया था। इसमें पशुपालन विभाग के क्षेत्रीय पशुपालन अधिकारी विभाग के अधिकारी बिहार के तत्कालीन मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव, तत्कालीन पशुपालन मंत्री की सांठगांठ से सरकार के राजस्व की गड़बड़ी की गई थी। बचाव पक्ष में लालू समेत अन्य आरोपितों ने कुल 26 गवाही दर्ज कराई थी।

डोरंडा कोषागार से 139.35 करोड़ रुपये की अवैध निकासी से जुड़े मामले में लालू सहित 110 आरोपित ट्रायल फेस कर रहे हैं। सीबीआई ने प्रारंभ में 170 लोगों को आरोपी बनाया था। लालू सहित 147 आरोपितों के खिलाफ आरोप गठित किया गया था। सुनवाई के दौरान अब तक बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ जगन्नाथ मिश्र सहित 37 आरोपितों का निधन हो चुका है।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More