झारखंड: उम्मीद और चुनौतियों भरा है नागेन्द्र नाथ का दायित्व

रांची: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने नागेन्द्र नाथ त्रिपाठी को बिहार और झारखंड के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री का दायित्व सौंपा है। नागेंद्र नाथ त्रिपाठी से प्रदेश भाजपा को काफी उम्मीदें भी हैं। क्योंकि, झारखंड में झामुमो, कांग्रेस और राजद गठबंधन की सरकार है। ऐसे में उनको कई चुनौतियां का सामना करना पड़ेगा।
नागेन्द्र नाथ छह- सात वर्षों से बिहार में संगठन महामंत्री का कार्य देख रहे थे। झारखंड में लंबे समय से क्षेत्रीय संगठन महामंत्री का पद रिक्त था। नागेन्द्र नाथ त्रिपाठी 29 अगस्त को रांची पहुंच कर क्षेत्रीय संगठन महामंत्री का प्रभार ले लिया है। नागेन्द्र नाथ त्रिपाठी विद्यार्थी परिषद से सांगठनिक कामकाज की शुरुआत करते हुए संघ के प्रचारक रहे। भाजपा में संगठन महामंत्री का पद सांगठनिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जाता है। नागेन्द्र नाथ बिहार-झारखंड का कामकाज रांची को केंद्र बनाकर करेंगे।
नागेन्द्र नाथ त्रिपाठी संत कबीर नगर के मेंहदावल के बेलौली गांव के रहने वाले हैं। वर्ष 1970 में वह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से जुड़े। इस सफर में वह 1975 में इमरजेंसी के समय में भी स्वयं सेवक के तौर पर सक्रिय रहे। इस दौरान 1975 में ही संघ के प्रचारक बन गए। वर्ष 1975 से 1988 तक संघ के जिला प्रचारक, तहसील प्रचारक और विभाग प्रचारक आदि पद पर रहे।
इसके बाद वे 1988 में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) में चले गए। इस दौरान अभाविप के प्रदेश संगठन मंत्री भी रहे। वे 1988 से 1996 तक उत्तर प्रदेश के प्रदेश संगठन मंत्री रहे। इसके बाद 1996 से लेकर 2000 तक क्षेत्रीय संगठन मंत्री के पद पर रहे और 2000 के बाद क्षेत्रीय संगठन मंत्री बिहार और झारखंड के रहे।
वर्ष 2003 में नागेन्द्र नाथ त्रिपाठी उत्तर प्रदेश भाजपा के संगठन मंत्री बने और 2011 तक रहे। फरवरी 2011 से अगस्त 2021 तक बिहार के प्रदेश संगठन मंत्री रहे। अगस्त 2021 से झारखंड और बिहार के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री बनाए गए। हालांकि, बातचीत के दौरान उन्होंने राज्य सरकार सहित अन्य विषयों पर कुछ भी बोलने से परहेज किया है।


