नक्सलियों ने झारखंड के गुमला में निर्माणाधीन थाना भवन को उड़ाया, उधर पोड़ाहाट जंगल में दिनेश गोप का दस्ता घिरा

रांची : नक्सलियों ने झारखंड के गुमला जिले के चैनपुर में निर्माणाधीन थाना भवन को विस्फोटक के जरिए ध्वस्त कर दिया है। न्यूज एजेंसी एएनआइ के अनुसार, आइइडी ब्लास्ट कर नक्सलियों ने 25 नवंबर की रात इस घटना को अंजाम दिया। वहीं, स्थानीय अखबार प्रभात खबर ने खबर दी है कि माओवादियों ने चैनपुर प्रखंड क्षेत्र में पड़ने वाले कुरूमगढ में बन रहे थाना भवन को ध्वस्त किया।

रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना शुक्रवार मध्य रात्रि के बाद 12.15 बजे की है। थाना भवन में काम कर रहे सात मजदूर थे। नक्सलियों ने उन्हेें पहले वहां से बाहर निकाला और फिर करीब 200 किलो विस्फोटक का प्रयोग करते हुए उसे ध्वस्त कर दिया।

जिस जगह यह घटना घटी है, वहां से मात्र डेढ किमी की दूरी पर कुरुमगढ का अस्थायी थाना भवन है। वहां पर झारखंड पुलिस के अलावा सीआरपीएफ की कंपनी भी तैनात है, उसके बावजूद नक्सलियों ने ऐसा किया।

जानकारी के अनुसार, इस कार्रवाई को अंजाम देने के लिए करीब 200 नक्सली आए थे। घटना के 12 घंटे बाद मौके पर पुलिस बल पहुंची और सर्च अभियान शुरू किया गया। गुमला के एसपी एहतेशाम वकारीब ने कहा है कि माओवादियों ने अपनी तीन दिन के बंदी के आखिरी दिन थाना भवन को उड़ाया है। उन्होंने कहा कि हम माओवादियों ने निबटने को तैयार हैं।

पोड़ाघाट जंगल में घिर दिनेश गोप का दस्ता

उधर, शुक्रवार को चाईबासा के पोड़ाहाट जंगल में पीएलएफआइ के दस्ते से सुरक्षा बलों की मुठभेड़ हो गयी। आधे घंटे चली इस मुठभेड़ में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि मौके पर से पिट्ठू, बैग व दैनिक उपयोग की चीजें मिली हैं। पीएलएफआइ चीफ दिनेश गोप पर 25 लाख का ईनाम है और एसपी अजय लिंडा को सूचना मिली थी कि वह क्षेत्र में दस्ते के साथ भ्रमणशील है।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More