कोल्हापुर सड़क हादसे में विष्णुगढ़ के मजदूर की मौत, परिवार ने मांगी मदद

हजारीबाग: विष्णुगढ़ प्रखंड की खरकी पंचायत के टंडवा निवासी 45 वर्षीय प्रवासी मजदूर मो. मनीर अंसारी की महाराष्ट्र के कोल्हापुर में सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक अपने पीछे पत्नी हसमत बानो और तीन बच्चों को छोड़ गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मो. मनीर अंसारी, पिता लियाकत अंसारी, कोल्हापुर में मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी मौत के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट के साथ शव को पैतृक गांव लाने की चुनौती खड़ी हो गई है।
मृतक की पत्नी हसमत बानो ने झारखंड सरकार से आर्थिक सहायता की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने राज्य प्रवासी नियंत्रण श्रमिक कक्ष, डोरंडा, रांची के नोडल पदाधिकारी को आवेदन सौंपकर मदद की गुहार लगाई है।
समाजसेवी रफीक आलम ने भी सरकार और संबंधित विभाग से पहल करते हुए शव को गांव लाने तथा अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को 50 हजार रुपये की सहायता देने का अनुरोध किया है।
वहीं, समाजसेवी सिकन्दर अली ने घटना पर दुख जताते हुए सरकार से पीड़ित परिवार को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि पत्नी और तीन बच्चों के सामने गंभीर संकट खड़ा हो गया है। ऐसे में सरकार को शव गांव लाने की व्यवस्था करने के साथ परिवार को उचित मुआवजा और नियमानुसार अन्य सहायता देने के लिए पहल करनी चाहिए।


